ब्राह्मण समुदाय के पार्षद को बनाया जाए महापौर: संजय शर्मा

Sunday, Apr 11, 2021 - 11:17 AM (IST)

धर्मशाला (तनुज): नगर निगम धर्मशाला की हॉट सीट पर ब्राह्मण समुदाय से सबंध रखने वाले पार्षद को बैठाने की मांग ब्राह्मण सभा ने उठाई है। चंबा-कांगड़ा में इस समुदाय के उम्मीदवार को विधानसभा व लोकसभा में अभी तक सीट न मिलने की बात भी कही। शनिवार को ब्राह्मण सभा के सदस्य एवं भाजपा नेता संजय शर्मा ने पत्रकार वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री से मांग उठाते हुए कहा कि धर्मशाला नगर निगम के महापौर पद के लिए ब्राह्मण समुदाय से जीत दर्ज करने वाले पार्षद को चुना जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 30 फीसद ब्राह्मण हैं और अभी तक चंबा से लेकर कांगड़ा तक किसी को भी न तो विधानसभा और न ही लोकसभा में टिकट मिली है। जिसके चलते ब्राह्मणों में रोष है।

वहीं कई बार ब्राह्मण सभा के सदस्य विभिन्न बैनरों के माध्यम से और पार्टी के माध्यम से भी मांग उठाई जाती रही। उन्होंने कहा कि प्रदेश के चार नगर निगमों में चुनाव हुए हैं। हालांकि 3 में महापौर पद आरक्षित है, लेकिन नगर निगम धर्मशाला में सामान्य वर्ग के लिए ओपन रखा गया है। ऐसे में सरकार ब्राह्मण समुदाय से जीतकर आए पार्षद को महापौर बनाए, ताकि ब्राह्मणों में रोष कम हो और उन्हें भी प्रतिनिधित्व का अवसर मिल सके। उन्होंने प्रदेश सरकार से ब्राह्मण कल्याण बोर्ड के गठन की भी मांग उठाई। साथ ही इसमें ऐसे व्यक्ति को अध्यक्ष बनाए जाने की मांग की है, जोकि वेदों का ज्ञाता होने के साथ-साथ ब्रह्मत्व का भी ज्ञान रखता है। इसके अलावा अन्य सदस्यों में विभिन्न विभागों से सदस्य चुने जाएं। इस मौके पर नवदीप ढिंगरा, गर्वित, रवि शर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
 

Content Writer

prashant sharma