अनुबंध PTA शिक्षकों ने बजट सत्र में क्या रखी सरकार से मांग, जानने के लिए पढ़ें खबर

Sunday, Feb 03, 2019 - 09:04 PM (IST)

सुंदरनगर (नितेश सैनी): रविवार को हिमाचल प्रदेश पी.टी.ए. अनुबंध अध्यापक प्राध्यापक संघ की राज्य स्तरीय बैठक सुंदरनगर के सामुदायिक भवन के सभागार में प्रदेशाध्यक्ष हरीश ठाकुर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इसमें विभिन्न जिलों से आए हुए जिला और राज्य प्रतिनिधियों ने शिक्षकों पी.टी.ए. के सर्शत नियमितीकरण को लेकर अपने-अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर हरीश ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के 6300 पी.टी.ए. शिक्षकों की सशक्त नियमितीकरण की मांग को प्रभावित तरीके से सरकार के समक्ष उठाया जाएगा।

वर्ष 2015 से 5100 पी.टी.ए. शिक्षक अनुबंध में दे रहे सेवाएं

उन्होंने कहा कि 5100 के लगभग पी.टी.ए. शिक्षक अनुबंध में वर्ष 2015 से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर सरकार सौहार्दपूर्ण माहौल में पी.टी.ए. अनुबंध शिक्षकों को नियमितीकरण का तोहफा इस बजट सत्र में देती है तो हिमाचल प्रदेश के तमाम पी.टी.ए. शिक्षक सरकार के साथ एकजुट होकर कंधे से कंधा मिलाकर सरकार के साथ हर मोर्चे पर खड़े रहेंगे। बैठक में प्रदेशाध्यक्ष हरीश ठाकुर ने पूर्व में निर्धारित विवेक मेहता को पी.टी.ए. अनुबंध अध्यापक प्राध्यापक संघ का चेयरमैन नियुक्त किया।

बैठक में ध्वनिमत से पारित किया प्रस्ताव

बैठक में संघ के तमाम पदाधिकारियों ने ध्वनिमत से एक प्रस्ताव पारित किया कि अगर सरकार इस बजटीय सत्र में पी.टी.ए. शिक्षकों की सशर्त नियमितीकरण की मांग को पूरा करती है तो संघ आभार प्रस्ताव प्रदेश सरकार को प्रेषित करेगा। इस बैठक में संघ के प्रैस सचिव दिनेश शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विवेक मेहता, महासचिव शिशुपाल हरिओम, सुभाष भारद्वाज, प्रताप, रोशन भारती, आज्ञाराम, राजेश, दिनेश, सुनील, रमेश, ललित, अनूप गुप्ता सहित हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों के 1250 शिक्षक मौजूद रहे।

Vijay