वानर नसबंदी केंद्र को लेकर कांग्रेसियों ने किया चक्का जाम, पुलिस ने दर्ज की FIR

punjabkesari.in Thursday, Jan 31, 2019 - 04:30 PM (IST)

ऊना (विशाल): वानर नसबंदी केंद्र को शिफ्ट करने की मांग को लेकर कुटलैहड़ कांग्रेस ने जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष विवेक शर्मा विक्कु की अगुवाई में नसबंदी केंद्र के समक्ष नारेबाजी करने के बाद ऊना-हमीरपुर मुख्य मार्ग पर बौल में चक्का जाम किया। करीब आधे घंटे तक लगे जाम के कारण सड़क के दोनों अोर करीब डेढ़ से दो किलोमीटर तक लम्बा जाम लग
गया। इस दाैरान एस.एच.ओ. बंगाणा प्रकाश चंद शर्मा की अगुवाई में टीम ने मौके पर पहुंच कर जाम खुलवाने की कोशिश की। बाद में एस.डी.एम. बंगाणा संजीव कुमार ने मौके पर पहुंच कर कांग्रेसियों की बात सुनकर उन्हें आश्वस्त करते हुए जाम खुलवाया।

नसबंदी के बाद आसपास छोड़ दिए जाते हैं बंदर

इस मौके पर जिला कार्यकारी अध्यक्ष विवेक शर्मा ने कहा कि बौल में खोले वानर नसबंदी केंद्र में बंदरों को लाया जाता है और यहीं आसपास छोड़ दिया जाता है। इससे कुटलैहड़ के किसानों की खेतीबाड़ी पर असर पड़ रहा है। बंदर किसानों की फसल बर्बाद कर रहे हैं। किसानों को मजबूरन फसल को बचाने के लिए खेतों में पहरेदारी करनी पड़ती है तथा बंदर लोगों को भी नुक्सान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि तलाई गांव में बंदरों की संख्या इतनी अधिक हो गई है कि वहां के लोग हर समय दहशत में ही रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार से पहले भी मांग की थी कि इस केंद्र को बंद किया जाए और यहां से दूसरे स्थान पर शिफ्ट कर दिया जाए। वहीं कुटलैहड़ ब्लॉक अध्यक्ष के.सी. शर्मा ने कहा कि वानर नसंबदी केंद्र को बौल से शिफ्ट करने के लिए जिला प्रशासन को भी ज्ञापन दिया गया था लेकिन मांग की अनदेखी होने पर मजबूरन प्रदर्शन करना पड़ा है।

पुलिस ने कांग्रेसियों के खिलाफ दर्ज की एफ.आई.आर

कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर कांग्रेसियों और पुलिस में गहमागहमी का माहौल रहा। ऊना-हमीरपुर हाईवे पर जाम लगाने और यहां से गुजरने वाले लोगों को जाम के चलते परेशानी होने के चलते पुलिस ने कांग्रेसियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष विवेक विक्कू सहित लठियाणी के पूर्व प्रधान मोहिंद्र सिंह, लेखराज भारती, रोशन लाल, किशन शर्मा सहित अन्य लोगों के खिलाफ आई.पी.सी. की धारा 341 और 143 के तहत मामला दर्ज किया है।

चक्का जाम में ये रहे शामिल

इस मौके पर जिला कांग्रेस के महासचिव महेंद्र सिंह, सचिव बलजीत सिंह, सुदेश शर्मा, उर्मिला ठाकुर, युवा कांग्रेस के अध्यक्ष नीरज ठाकुर, राम आसरा शर्मा, रणजीत सिंह, लेखराज भारती, जगदीश ठाकुर, देशराज शर्मा, रोशन लाल, हरिदास, चन्नदीप सिंह, रोशन लाल, मोहन लाल, अश्विनी शर्मा, राजीव शर्मा, अजय कुमार, पंकज कुमार, विक्की कौशल, राज कुमार, अरुण, अमर कुमार, मलकीत सिंह, नीरज कुमार, राजीव, रवि कुमार, अमन, विनय, पवन कुमार, तिलक राज, इकबाल सिंह, कुलदीप कुमार, अश्विनी, चमन लाल, राकेश कुमार, सहदेव सिंह, लाल चंद, जोगिंदर धीमान, प्रीतम चंद, लालचंद, अश्विनी कुमार, जगदीश शर्मा, देशराज शर्मा, अंकित, मलकीत सिंह, बलदेव सिंह व मनोहर लाल शामिल रहे।

क्या कहते हैं एस.पी ऊना

एस.पी. दिवाकर शर्मा का कहना है कि मुख्यमार्ग को अवरूद्ध करने को लेकर बंगाणा पुलिस ने कांग्रेसियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें कुछ आरोपियों को नाम सहित नामजद किया गया है जबकि अन्य की पहचान जांच के दौरान की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News