कांग्रेस ने पदाधिकारियों को लिखे Letter, राहुल की रैली में उपस्थिति Compulsory

Sunday, Mar 03, 2019 - 10:15 PM (IST)

शिमला: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की 7 मार्च को जिला कांगड़ा के चंबी में आयोजित होने वाली रैली के लिए प्रदेश कांग्रेस ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत सभी नेताओं व पदाधिकारियों को एक पत्र भी लिखा गया है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि राहुल गांधी की प्रस्तावित रैली में सभी नेताओं व पदाधिकारियों की उपस्थिति आवश्यक होगी। ऐसा न होने पर पार्टी के दिशा-निर्देशों की अवहेलना समझी जाएगी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव रजनीश किमटा ने कांग्रेस पार्टी के सभी नेताओं को पत्र लिखकर अपनी उपस्थिति निश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने पार्टी विधायकों, सभी कार्यालय पदाधिकारियों, सचिवों, जिला व ब्लॉक अध्यक्षों, प्रदेश कांग्रेस व अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्यों, केंद्रीय संगठन के सभी सदस्य, पूर्व विधायकों, पार्टी के अग्रणी संगठनों, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सेवादल, इंटक व अन्य सभी को अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

राहुल गांधी की यह रैली पार्टी का चुनावी शंखनाद होगा

रजनीश किमटा ने कहा है कि देश में ठीक आम चुनाव से पूर्व होने जा रही राहुल गांधी की यह रैली पार्टी का चुनावी शंखनाद होगा। किमटा ने कहा है कि जिस भी नेता और कार्यकत्र्ता को जो भी जिम्मेदारियां दी गई हैं, उनमें कोई भी कोताही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने पार्टी के सभी नेताओं से रैली की सफलता को लेकर सुझाव भी मांगे हैं। उन्होंने दावा किया है कि जिला कांगड़ा में होने जा रही यह रैली प्रदेश में ही नहीं बल्कि देश में भी कांग्रेस की आवाज को मजबूत करेगी और भाजपा के प्रोपेगंडा को भी ध्वस्त करेगी।

रैली के लिए उपलब्ध करवाए जाएंगे पास

रजनीश किमटा ने कहा कि रैली के लिए सभी नेताओं को पास उपलब्ध करवाए जाएंगे ताकि किसी को कोई असुविधा न हो। उन्होंने कहा है कि कांगे्रस पार्टी की इस रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए कोई कोर कसर या कोई कमी किसी भी स्तर पर नहीं रखी जाएगी।

 

Vijay