हिमाचल चुनाव : कांग्रेस 68 विधानसभा क्षेत्रों में निकालेगी विजय आशीर्वाद रैली

Wednesday, Nov 09, 2022 - 11:17 PM (IST)

शिमला (राक्टा): प्रदेश कांग्रेस विधानसभा चुनाव को लेकर अंतिम दिन सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में विजय आशीर्वाद रैली निकालेगी। प्रदेश कांग्रेस वॉर रूम इंचार्ज एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संयुक्त सचिव गोकुल बुटेल ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के लिए कांग्रेस पूरे जोश के साथ चुनावी प्रचार में जुटी हुई है और पार्टी का जनता का पूरा स्नेह मिल रहा है। गोकुल बुटेल ने कहा कि कांग्रेस प्रचार अभियान में अंतिम दिन प्रदेश में एक साथ सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में रैलियां करने जा रही है। उन्होंने कहा कि बूथ जीतो हिमाचल जीतो की अपार सफलता के बाद पार्टी एक ओर ऐतिहासिक जनसंपर्क रैली करने जा रही है। 10 नवम्बर को कांग्रेस हिमाचल की सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में विजय आशीर्वाद रैली निकालेगी। इस रैली में पार्टी के स्टार प्रचारक कई जगह चुनाव प्रचार करते हुए दिखाई देंगे। गोकुल बुटेल ने कहा कि कांग्रेस नेता विजय आशीर्वाद रैली की शुरूआत मंदिर में देवी-देवताओं के आशीर्वाद के साथ करेंगे। उसके बाद रोड-शो के माध्यम से क्षेत्र की जनता से संवाद करेंगे। अंत में 10 से 2 बजे के बीच एक चुनावी रैली का आयोजन किया जाएगा।

प्रदेश में कांग्रेस की लहर
गोकुल बुटेल ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की लहर है और पार्टी का सत्ता में आना तय है। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रचार के दौरान जिस तरह से लोगों की भीड़ कांग्रेस रैलियों और जनसभाओं में उमड़ रही है उससे स्पष्ट है कि प्रदेश में कांग्रेस पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश की जनता को जो गारंटियां दी हैं, उन्हें सत्ता में आते ही पूरा किया जाएगा।

भाजपा खो चुकी विश्वास, हर वर्ग निराश
गोकुल बुटेल ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार जनता का विश्वास खो चुकी है। भाजपा सरकार ने अपने 5 साल के कार्यकाल में किसी भी वर्ग को राहत देने का प्रयास नहीं किया, ऐसे में लोगों में निराशा साफ देखने को मिल रही है। भाजपा ने जो चुनावी वायदे किए थे, वे पूरे नहीं किए गए और जुमले ही साबित हुई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आते ही ओपीएस बहाल करेगी। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay