इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस दर्ज कराएगी एफआईआर

Monday, Oct 12, 2020 - 05:27 PM (IST)

शिमला (योगराज) : केंद्र सरकार द्वारा लाए गए कृषि सुधार कानून को लेकर विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। किसान संगठन और कांग्रेस पार्टी ने इसके खिलाफ अभियान को और तेज कर दिया है। हिमाचल प्रदेश में भी कांग्रेस लगातार इस कानून के खिलाफ सड़कों पर है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि कोरोना काल में जब देश की अर्थव्यवस्था ओंधे मुंह गिरी हुई है। इस बीच केंद्र सरकार ने अध्यादेश लाकर किसानों के खिलाफ कानून लाए। पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए इस कानून को संसद में चर्चा किए बगैर पारित कर दिया। कांग्रेस सरकारों ने “जय जवान जय किसान“ का नारा देते हुए किसानों के हितों के लिए काम किया। लेकिन अब किसानों के हितों को दरकिनार कर उनको बर्बाद करने के कानून लाए जा रहे है। जिसका कांग्रेस विरोध कर रही है। अटल टनल रोहतांग को लेकर भाजपा क्रेडिट लेने में लगी है और रोहतांग में शिलान्यास पट्टिका को भी सरकार के इशारे पर हटाया गया है जिस पर कांग्रेस ने एफआईआर दर्ज करने की मांग की है और मामले को आंदोलन की चेतावनी भी दी है। 

कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने शिमला में पत्रकार वार्ता कर केंद्र सरकार पर आरोप लगाया है कि देश में फसलें व मेहनत तो किसानों की होगी लेकिन इसका फायदा बड़े-बड़े उद्योगपतियों को मिलेगा। उद्योगपति फसलों को लगाने के साथ दामों को मनमर्जी से तय करेंगे। खेत में ही फसलों को खरीद लिया जाएगा। छोटी मंडियां खत्म हो जाएंगी। इसलिए कांग्रेस पार्टी लगातार किसानों विरोधी कानूनों का विरोध कर रहें है। आगे भी इसका विरोध जारी रहेगा। 

राठौर ने अटल रोहतांग टनल पर मुख्यमंत्री व भाजपा के नेताओं के बयानों पर खेद जाहिर किया और कहा कि इस पर शिलान्यास करने वाली कांग्रेस को श्रेय न देकर खुद श्रेय ले रहे है। यहां तक कि रोहतांग से सोनिया गांधी के नाम की शिलान्यास की पट्टिका गायब है। जिसको लेकर मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है साथ है इस पर एफआईआर भी दर्ज की जाएगी। 15 दिन में यदि ये पट्टिका नहीं लगाई गई तो एफआईआर के साथ आंदोलन भी तेज किया जाएगा। वहीं मंडी में हुई कांग्रेस की किसान रैली में नारेबाजी को लेकर कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि यह एक आम घटना है और जहां पर केंद्रीय नेता लोगों के बीच मे होते हैं वहां इस तरह की छोटी मोटी नारेबाजी होना कोई बड़ी बात नही है। कांग्रेस पार्टी एकजुट है।
 

prashant sharma