पेगासस जासूसी विवाद : केंद्र सरकार के खिलाफ इस दिन विरोध प्रर्दशन करेगी कांग्रेस

Wednesday, Jul 21, 2021 - 08:05 PM (IST)

शिमला (राक्टा): पेगासस जासूसी विवाद पर कांग्रेस नेकेंद्र सरकार को घेरना शुरू कर दिया। इसी कड़ी में आगामी 23 जुलाई को प्रदेश में भी पार्टी द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इसके तहत कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन से राजभवन तक पार्टी नेता, पदाधिकारी व कार्यकर्ता पैदल मार्च कर विरोध प्रदर्शन करेंगे। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने यह जानकारी दी। उन्होंने अनौपचारिक बातचीत में कहा कि इस पूरे मामले की जांच संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) से करवाई जानी चाहिए।

केंद्र सरकार ने किया देश के लोकतंत्र की मर्यादा का हनन

राठौर ने पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी सहित अन्यों के फोन टैप करने और उनकी जासूसी किए जाने पर केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि एक साजिश के तहत केंद्र सरकार ने नेताओं तथा कार्यपालिका व न्याय पालिका व विधान पालिका की जासूसी कर देश के लोकतंत्र की मर्यादा का हनन किया है। जासूसी के माध्यम से कांग्रेस शासित राज्यों व विपक्षी दलों की सरकारों को अस्थिर किया जा रहा है।

केंद्र सरकार की कथनी और करनी से जनता वाकिफ

राठौर ने आरोप लगाया है कि पेगासस जासूसी में सरकार का हाथ है। इस मामले पर गृह मंत्री को पद से हटाकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के झूठे प्रलोभनों में अब देश की जनता नहीं आने वाली है। देश की जनता केंद्र सरकार की कथनी और करनी को भलीभांति समझ चुकी है।

Content Writer

Vijay