भाजपा के मिशन रिपीट को डिलीट करेगी कांग्रेस : राठौर

Sunday, Feb 21, 2021 - 09:25 PM (IST)

कुमारसैन (सोनी): सरकार विकास करने में पूरी तरह से नाकाम रही है और पूर्व कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू किए गए कार्यों के भाजपा सरकार द्वारा उद्घाटन किए जा रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर कुमारसैन जिला परिषद वार्ड से विजयी उम्मीदवार उज्ज्वल सेन मेहता के फराल गांव में आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी 2022 में फिर से सत्ता में आएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तरक्की का मार्ग अवरुद्ध हो गया है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हमारे सुप्रीम कमांडर हैं और उनके आशीर्वाद से प्रदेश में हम चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर तंज कसते हुए कहा कि सत्ता रिपीट का उनका लक्ष्य पूरा नहीं होगा और कांग्रेस पार्टी उनके मिशन रिपीट को डिलीट करेगी।

जिला शिमला से भेदभाव कर रही भाजपा :विक्रमादित्य

शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के विधायक विक्रमादित्य सिंह ने इस मौके पर कहा कि भाजपा सरकार जिला शिमला से भेदभाव कर रही है क्योंकि जिला शिमला में कांग्रेस विचारधारा के अधिक विधायक हैं। उन्होंने कहा कि हम क्षेत्रवाद में विश्वास नहीं रखते, हमारे लिए पूरा प्रदेश एक समान है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने पूरे प्रदेश में एक समान विकास किया है। मगर आज ऐसा क्या कारण है कि जिला शिमला के साथ ऐसा भेदभाव किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार यदि अच्छा कार्य करती है तो हम उसका स्वागत भी करते हैं लेकिन यदि हमारे इलाके के साथ भेदभाव किया गया तो हम जमीन पर जाकर पूरी मजबूती के साथ सरकार का विरोध करने का दम भी रखते हैं।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

इस अवसर पर जिला परिषद शिमला की अध्यक्ष चंद्रप्रभा नेगी, कांग्रेस कमेटी जिला शिमला के अध्यक्ष यशवंत छाजटा, युवा कांग्रेस प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष यदुपति ठाकुर, पूर्व उपाध्यक्ष औद्योगिक विकास निगम अतुल शर्मा, जिला परिषद सदस्य उज्ज्वल सेन मेहता, पूर्व एपीएमसी अध्यक्ष महेंद्र स्तान, राहुल सोनी, धर्मपाल ठाकुर, नरेंद्र कंवर, एपीएमसी कुल्लू के पूर्व अध्यक्ष यूपेंद्र कांत मिश्रा, कांग्रेस महासचिव रुपेश कंवल और अंकुर शर्मा सहित कांग्रेस पार्टी के कई पदाधिकारी व स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Content Writer

Vijay