प्रियंका वाड्रा की परिवर्तन प्रतिज्ञा महारैली से कांग्रेस करेगी चुनावी शंखनाद : गोकुल बुटेल

Thursday, Oct 13, 2022 - 10:55 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा शुक्रवार को सोलन के ठोडो मैदान में होने वाली परिवर्तन प्रतिज्ञा महारैली से विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का शंखनाद करेंगी। महारैली को सफल बनाने के लिए पार्टी ने पूरी तैयारियां कर ली हैं। इसके तहत मुख्य रूप से शिमला संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस कार्यकर्ता रैली में जुटेंगे। कांग्रेस के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव एवं प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए बनाए गए वार रूम के प्रभारी गोकुल बुटेल ने कहा कि प्रियंका वाड्रा की परिवर्तन प्रतिज्ञा महारैली ऐतिहासिक होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रियंका वाड्रा की यह पहली चुनावी रैली होगी। आने वाले समय में प्रदेश की अन्य जगहों में भी प्रियंका वाड्रा की रैलियां करवाने का कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव घोषित होते ही कांग्रेस अपने चुनाव प्रचार को तेज कर देगी। 

कार्यकर्ताओं में नए जोश का होगा संचार
गोकुल बुटेल ने कहा कि प्रियंका वाड्रा की रैली को लेकर कार्यकर्ताओं सहित जनता में भी खासा उत्साह है। इस रैली से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नए जोश का संचार होगा और आगामी चुनाव में पार्टी बेहतर प्रदर्शन करते हुए पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने बताया कि पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता रैली में मौजूद रहेंगे। बुटेल ने कहा कि भाजपा सरकार की कथनी और करनी से प्रदेश की जनता भलीभांति परिचित है। ऐसे में अब सरकार जो भी घोषणाएं कर ले, उनका कोई राजनीतिक लाभ नहीं मिलने वाला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आते ही जनता से किए वायदों को पूरा करेगी। 

टिकट को लेकर मचे घमासान के बीच हो रही रैली
कांग्रेस में आगामी विधानसभा चुनाव के टिकट को लेकर घमासान मचा हुआ है। ऐसे में प्रियंका वाड्रा रैली के माध्यम से सभी को एकजुटता का संदेश दे सकती हैं, ताकि टिकट आबंटन होने के बाद सभी एकजुट होकर प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने के लिए काम करें। इन दिनों कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी भी शिमला स्थित छराबड़ा में रु की हुई हैं। हालांकि वे रैली में शिरकत नहीं करेंगी।

सुबह साढ़े 11 बजे रैली स्थल पर पहुंचेंगी प्रियंका
कांग्रेस नेताओं ने वीरवार को रैली स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। सूचना के अनुसार तय कार्यक्रम के अनुसार प्रियंका वाड्रा साढ़े 11 बजे के करीब रैली स्थल पर पहुंचेंगी। वह छराबड़ा से सड़क मार्ग से होते हुए सोलन जाएंगी। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता भी उनके साथ रहेंगे। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay