महापौर-उप महापौर चुनाव में कांग्रेस भी उतारेगी प्रत्याशी

Sunday, Apr 11, 2021 - 10:51 AM (IST)

धर्मशाला (तनुज) : नगर निगम धर्मशाला के महापौर तथा उप-महापौर पदों के चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी भी अपने प्रत्याशियों को उतारेगी। शनिवार को दाड़ी स्थित कांग्रेस आॅफिस में ब्लॉक कांग्रेस की बैठक ब्लॉक अध्यक्ष विनीत धीमान की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। इसमें सर्वसम्मति से यह फैसला लिया गया है कि 13 अप्रैल को होने वाले नगर निगम महापौर और उपमहापौर चुनाव में कांग्रेस पार्टी अपने प्रत्याशी खड़े करेगी। ब्लॉक अध्यक्ष ने कहा कि हाल ही में सम्पन्न हुए निगम चुनावों में किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है और सत्ता की चाबी निर्दलीयों के हाथ में है। इसी को देखते हुए कांग्रेस ने भी अपनी तैयारी पूरी कर ली है।

निगम चुनावों में भाजपा के 8, कांग्रेस के 5 ओर 4 निर्दलीय पार्षद विजय हुए हैं। उन्होंने कहा कि 4 निर्दलीय पार्षदों में से 2 कांग्रेस विचारधारा से ही संबंधित है बल्कि 2 अन्य पर संशय बरकरार है। उन्होंने कहा कि जिस तरह भाजपा जोड़ तोड़ की राजनीति कर रही है वो स्वीकार्य नहीं है। भाजपा को जनता ने बहुमत नहीं देकर नकार दिया है ओर धर्मशाला में कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव और पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा के नेतृत्व में एकजुट है। उन्होंने कहा कि निगम की पहली मेयर रजनी व्यास अपने व्यक्तिगत काम से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मिली हैं और वो कांग्रेस की एक निष्ठावान कार्यकर्ता हैं। उन्होंने सी.एम. के साथ उनकी इस बैठक को लेकर कई तरह की अफवाहें फैलाने वालों को भी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि अफवाहें फैलाकर कांग्रेस पार्टी को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है।
 

Content Writer

prashant sharma