पद से पहले पार्टी कार्यालय तक सिमटी थी कांग्रेस : राठौर

Tuesday, Nov 19, 2019 - 03:35 PM (IST)

शिमला (शर्मा): हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रधान कुलदीप सिंह राठौर ने कहा है कि 8 माह पहले उनके पदभार संभालने बाद कांग्रेस को कार्यालय कल्चर से बाहर निकालने में सफलता प्राप्त की है। अब कार्यकर्ता कार्यालय तक सीमित न रह कर लोगों की आवाज उठाने के लिए सड़कों पर उतर रहे हैं। चंडीगढ़ प्रैस क्लब में पत्रकार सम्मेलन दौरान उन्होंने कहा कि पूर्व वर्ती कांग्रेस प्रदेश अध्यक्षों की कार्यप्रणाली और सफलता-विफलता पर बात नहीं कर रहे हैं लेकिन यह सही है कि उनके कार्यकाल से पहले प्रदेश कांग्रेस कार्यालय कल्चर तक सीमिट गई थी। यह भी माना कि जब कार्यभार संभाला था तो प्रदेश कांग्रेस गुटबाजी का शिकार थी। इसलिए नई कार्यकारिणी के तुरंत गठन की बजाय विभिन्न गुटों को एक मंच पर लाने के प्रयास किए जो सफल रहे।

उन्होंने कहा कि राज्य के लोकप्रिय नेता व पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा एक मंच से कांग्रेस की मजबूती सुनिश्चित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी गुटबाजी को समाप्त करने में सफलता के बाद अब शीघ्र ही प्रदेश कार्यकारिणी का पुनर्गठन करने जा रहे हैं। हिमाचल सरकार द्वारा धर्मशाला में इनवैस्टर मीट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए राठौर ने कहा कि यह पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने मांग की कि सरकार को आयोजन पर खर्च और इससे प्रदेश को क्या मिला, पर श्वेत पत्र जारी करना चाहिए क्योंकि जनता को जानने का अधिकार है। आयोजन में प्रधानमंत्री को बुलाए जाने का भी कोई औचित्य नहीं था क्योंकि न डबल इंजन की सरकार के चुनाव पूर्व वायदे अनुसार कोई राहत रूपी पैकेज की घोषणा की और न ही आश्वासन दिया।

उलटा उनको पहनाई हिमाचली टोपी पर सरकारी खजाने को 10 लाख रुपए की चपत लग गई। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी निवेश विरोधी नहीं है लेकिन चाहती है कि कागजी निवेश की बजाय प्रदेश सरकार को स्थापित उद्योगों की भी सुध लेनी चाहिए। राठौर ने प्रदेश में कानून व्यवस्था सवाल उठाए। राठौर ने आरोप लगाया किपुलिस भर्ती घोटाले के बाद अब पटवारियों की चयन परीक्षा में अनियमितताओं की बातें सामने आ रही हैं। इससे पहले राठौर ने केंद्र की मोदी सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि दूसरे कार्यकाल में अब देश में आॢथक आपातकाल की स्थिति बन गई है।

राठौर ने कहा कि 30 नवंबर को मोदी सरकार की देश विरोधी नीतियों विरुद्ध कांग्रेस अखिल भारतीय स्तर पर ‘देश बचाव’ दिवस का अयोजन के रूप में विशाल रैली आयोजित करेगी। इस अवसर पर हिमाचल कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक राजेंद्र राणा और चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेसाध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा भी उपस्थित थे।

Edited By

Simpy Khanna