कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह दिल्ली में गिरफ्तार

Thursday, Jul 21, 2022 - 10:40 PM (IST)

शिमला (राक्टा): कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ ईडी द्वारा की जा रही कार्रवाई के विरोध में दिल्ली में आयोजित प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस प्रतिभा सिंह के साथ ही अन्य कांग्रेसजनों को विरला मंदिर पुलिस थाने ले गई। पुलिस की इस कार्रवाई पर प्रतिभा सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर सकती है लेकिन उनके हौसले को तोड़ नहीं सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ खड़ा है। 

कांग्रेस केंद्र के ऐसे प्रयासों से डरने वाली नहीं 
प्रतिभा सिंह ने कहा कि जिस तरह से लोकतंत्र का गला घोटते हुए केंद्र सरकार अपने राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ केंद्रीय जांच एजैंसियों का दुरुपयोग कर रही है, वह बेहद निंदनीय है। कांग्रेस केंद्र के ऐसे प्रयासों से डरने वाली नहीं है। प्रतिभा सिंह की गिरफ्तारी पर प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी के प्रदेश महासचिव यशवंत छाजटा ने कहा कि केंद्र सरकार जनता की आवाज को नहीं दबा सकती है। उन्होंने कहा कि झूठे केस बनाने से सच्चाई छुप नहीं सकती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार एक तानाशाह की तरह काम कर रही है, जिसे सहन नहीं किया जाएगा। 

सुधीर-धर्माणी और अनिरुद्ध ने भी लिया भाग
दिल्ली में आयोजित प्रदर्शन में प्रदेश से अखिल भारतीय कांगे्रस कमेटी के सचिव सुधीर शर्मा, राजेश धर्माणी और अनिरुद्ध सिंह सहित अन्य नेताओं ने भी भाग लिया। सुधीर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस गांधी परिवार के साथ पूरी मजबूती के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने नेताओं का अपमान सहन नहीं करेगी। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay