पाटिल और राठौर ने थपथपाई अभिषेक राणा की पीठ, बोले-हिमाचल में बेहतर काम कर रहा कांग्रेस सोशल मीडिया

Sunday, Apr 19, 2020 - 04:55 PM (IST)

शिमला (योगराज): अखिल भारतीय कांग्रेस महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने कांग्रेस सोशल मीडिया की महत्ता पर जोर देते हुए कहा है कि इसे ओर कारगर बनाया जाना चाहिए। उन्होंने पार्टी के पदाधिकारियों से अपने-अपने सोशल मीडिया अकाऊंट बनाने और प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया के साथ जुडऩे को कहा है।

रविवार को प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया के पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रैंसिंग में पाटिल ने कहा कि देश में कोरोना महामारी और लॉकडाऊन के चलते कोई भी सूचना सोशल मीडिया के माध्यम से तुरन्त ही आम लोगों तक पहुंच रही है। अखिल भारतीय कांग्रेस सोशल मीडिया के अध्यक्ष रोहन गुप्ता ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सोशल मीडिया बेहतर कार्य कर रहा है। इसके लिए उन्होंने प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया की पूरी टीम को बधाई दी।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि देश मे कोरोना माहमारी के चलते लॉकडाऊन की वजह से प्रदेश के सभी भागों में किसी भी समस्या की पूरी जानकारी सोशल मीडिया के द्वारा उन्हें तुरन्त मिल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी से जुड़े लोग भी सोशल मीडिया पर उन्हें प्रदेश के पल-पल की खबर दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मीडिया सैल पूरी जिम्मेदारी से अपना कार्य कर रहा है। सोशल मीडिया की पूरी टीम एकजुटता से कार्य कर रही है, जिसके लिए वह बधाई की पात्र है।

प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया के अध्यक्ष अभिषेक राणा ने कहा कि वह कांग्रेस सोशल मीडिया में अधिक से अधिक लोगों को जोडऩे का पूरा प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी टीम पूरे तालमेल से अपना कार्य कर रही है। इस वीडियो कॉन्फ्रैंसिंग में कांग्रेस सोशल मीडिया के प्रदेश भर के 100 कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मुद्दों पर अपने-अपने विचार रखते हुए कहा कि वह लोगों की समस्याओं की पूरी सूचना फेसबुक और वीडियो के द्वारा सोशल मीडिया प्रमुख को भेज रहे हैं। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस महासचिव रजनीश किमटा, आपदा सैल के प्रभारी हरि कृष्ण हिमराल प्रमुख तौर पर उपस्थित थे।

Vijay