कांग्रेस सोशल मीडिया विभागीय कार्यकारिणी में होगा फेरबदल, अच्छा कार्य करने वाले होंगे पदोन्नत : अभिषेक राणा
punjabkesari.in Saturday, Jan 08, 2022 - 03:10 PM (IST)

हमीरपुर : आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग में कुछ परिवर्तनों की खबर सामने आ रही है जिस पर स्थिति साफ करते हुए प्रदेश सोशल मीडिया अध्यक्ष व प्रवक्ता अभिषेक राणा ने बताया कि कांग्रेस सोशल मीडिया राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष व प्रभारी के आदेश अनुसार अब हिमाचल प्रदेश सोशल मीडिया विभागीय कार्यकारिणी में फेरबदल किया जाएगा, जिसमें की संयोजक की जगह 68 विधानसभा क्षेत्रों के लिए अध्यक्ष चुने जाएंगे, 12 जिलों के अध्यक्ष और 4 संसदीय क्षेत्रों के अध्यक्ष इनमें शामिल होंगे।
अभिषेक राणा ने फेरबदल की स्थिति को साफ करते हुए कहा कि यूं तो हिमाचल प्रदेश सोशल मीडिया विभाग में अनेकों कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारियां भरपूर रूप से निभा रहे हैं। लेकिन अभी प्रदेश में सोशल मीडिया विभाग द्वारा सभी टीमों का गहनता से अवलोकन किया जाएगा और अच्छा कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को पदोन्नत किया जाएगा और सोशल मीडिया की टीम व विभाग में जो निष्क्रिय पाया गया उसे बाहर का रास्ता भी दिखाया जाएगा। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया टीमों का अवलोकन करने की जिम्मेदारी मुख्य रूप से हिमाचल प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया संयोजक आदित्य शरद, नंदलाल ठाकुर प्रदेश और सूजे अग्रवाल की लगाई गई है जिनको 15 दिन के अंदर अपनी रिपोर्ट देनी है। इसके बाद ही पार्टी प्रमुख पदाधिकारियों द्वारा फेरबदल की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।