कांग्रेस ने Shortlist किए 8 नाम, जानिए हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से किसे किया शामिल

Thursday, Mar 14, 2019 - 11:47 PM (IST)

शिमला: प्रत्याशियों के चयन को लेकर कांग्रेस कोई विवाद नहीं चाहती। इसी का परिणाम है कि पार्टी ने चारों संसदीय क्षेत्र से उम्मीदवारों के नाम स्क्रीनिंग कमेटी को भेजे जाने से पहले सभी वरिष्ठ नेताओं की राय ली है। इसके साथ ही पार्टी हाईकमान भी अपने स्तर पर सर्वे करवा चुका है। सूत्रों के अनुसार सभी नेताओं की राय के बाद स्क्रीनिंग कमेटी को भेजे जाने वाले नाम पार्टी ने लगभग तय कर दिए हैं। हर संसदीय क्षेत्र से 2-2 नाम स्क्रीनिंग कमेटी को भेजने की तैयारियां बताई जा रही हैं। पहले 3 नाम भेजे जाने की चर्चा थी, जिसे अब और शॉर्टलिस्ट कर दिया गया है।

मंडी संसदीय क्षेत्र से कौल सिंह और विक्रमादित्य सिंह का नाम शॉर्टलिस्ट

पार्टी सूत्रों के अनुसार मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री कौल सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के पुत्र एवं वर्तमान विधानसभा के सबसे युवा विधायक विक्रमादित्य सिंह के नाम शॉर्टलिस्ट किए गए हैं। इसके साथ ही हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से पूर्व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और विधायक राजेंद्र राणा के पुत्र अभिषेक राणा का नाम शॉर्टलिस्ट किया गया है। कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा और विधायक पवन काजल का नाम शॉर्टलिस्ट सूची में बताया जा रहा है। शिमला संसदीय क्षेत्र से विधायक कर्नल धनीराम शांडिल को पार्टी टिकट थमा सकती है। हालांकि शॉर्टलिस्ट किए गए नामों में पूर्व सांसद के.डी. सुल्तानपुरी के पुत्र विनोद सुल्तानपुरी का नाम भी शामिल है।

वीरभद्र बोले-दबाव में आकर न दें टिकट

पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि वह पार्टी में एक वर्कर केरूप में काम करते रहेंगे। वह वीरवार को मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में बोल रहे थे। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि दबाव में आकर टिकट नहीं दिया चाहिए बल्कि ऐसे चेहरे को चुनाव मैदान में उतारा जाना चाहिए, जो जनता के लिए काम करने वाला और साफ छवि वाला हो। वीरभद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस के बहुत अच्छे नेता हंै, जिनका कांग्रेस के लिए काफी योगदान है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में उन्हीं को टिकट दी जानी चाहिए, जो कांग्रेस की विचारधारा से वाकिफ  हों।

17 मार्च को लग सकती है मुहर

सूत्रों के अनुसार उक्त सभी नामों की सूची अब स्क्रीनिंग कमेटी को भेजी जाएगी, ऐसे में अब सभी की नजर 17 मार्च को दिल्ली में होने वाली स्क्रीनिंग कमेटी की प्रस्तावित बैठक पर रहेगी।

Vijay