कांग्रेस के फेरबदल का दौर शुरू, नए सिरे से नियुक्त किए 10 ब्लॉक अध्यक्ष

Friday, Sep 06, 2019 - 09:55 AM (IST)

शिमला (राक्टा): हिमाचल कांग्रेस में फेरबदल का दौर शुरू हो गया है। इसी कड़ी में पहले चरण के अंतर्गत पार्टी ने 10 ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किए हैं। इसके तहत कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने ज्ञान चंद चौहान को पांगी ब्लॉक अध्यक्ष की कमान सौंपी है। इसी तरह भजन सिंह ठाकुर को भरमौर, अश्विनी कुमार ठाकुर चुराह ब्लॉक, प्रेम कुमार नेगी को पूह ब्लॉक, बीर सिंह नेगी को निचार, प्रीतम नेगी को कल्पा, करतार सिंह कुल्ला को रोहड़ू, बामन देव ठाकुर को द्रंग, सुरेश पटियाल को हमीरपुर और सरदार सिंह को सोलन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया है।  

गुरुवार को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राठौर ने उक्त सभी ब्लॉक कांग्रेस के पर्यवेक्षकों और नामित अध्यक्षों के साथ बैठक भी की। कांग्रेस महासचिव रजनीश किमटा ने बताया कि पांगी-भरमौर के पार्टी पर्यवेक्षक सत्यजीत नेगी, पूह, निचार और कल्पा की पर्यवेक्षक चंद्रप्रभा नेगी, रोहड़ू के पर्यवेक्षक महेंद्र चौहान और सोलन के पर्यवेक्षक चंद्रशेखर वर्मा की उपस्थिति में नामित ब्लॉक अध्यक्षों को नियुक्ति पत्र पार्टी अध्यक्ष द्वारा जारी किए गए। किमटा ने बताया कि ब्लॉक कमेटी में सदस्यों की संख्या भी तय कर दी गई है। इसके तहत ब्लॉक कमेटियों में सदस्यों की संख्या 41 से अधिक नहीं होगी। इसके साथ ही बूथ कमेटियों में 5 से 7 सदस्य ही नामित होंगे। इसमें महिलाओं, युवा, ओ.बी.सी., अल्पसंख्यक और एस.सी./एस.टी. को विशेष प्रमुखता दी जाएगी। 

तत्काल प्रभाव से पदमुक्त समझे जाएंगे

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राठौर ने नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों को आगामी 10 दिनों के भीतर ब्लॉक कमेटियों के गठन और 20 दिनों के भीतर बूथ कमेटियों के प्रस्ताव प्रदेश कांग्रेस कार्यालय को अंतिम स्वीकृति के लिए भेजने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही ऐसे पदाधिकारी, जो पिछले काफी समय से पार्टी की बैठकों से नदारद रहे हैं और निष्क्रिय साबित हुए हैं, उनके स्थान पर दूसरे चेहरों की नियुक्ति के बाद से वे तत्काल पदमुक्त समझे जाएंगे। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के राजनीतिक सचिव हरिकृष्ण हिमराल भी उपस्थित थे।

Ekta