कांग्रेस ने खाली खजाना भरने के लिए निकाला नया फॉमूला, जानने के लिए पढ़ें खबर

Saturday, Apr 21, 2018 - 11:25 PM (IST)

शिमला: हिमाचल कांग्रेस ने पार्टी के खाली खजाने को भरने का फॉर्मूला निकाल लिया है। इसके तहत आर्थिक संकट से उभरने के लिए पार्टी विधायकों से 1-1 लाख रुपए का फंड लिया जाएगा। इसी तरह कांग्रेस के पूर्व विधायकोंको 50 हजार रुपए, पार्टी सचिवों को 5 हजार रुपए और जिलाध्यक्षों को 10 हजार रुपए पार्टी फंड में देने होंगे। शनिवार को पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। पार्टी के खाली खजाने को भरने के लिए पार्टी के  प्रदेश पदाधिकारियों के साथ ही ब्लॉक अध्यक्षों और पूर्व सरकार में निगमों व बोर्डों के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष रहे नेताओं से भी चंदा वसूला जाएगा। 


हर विधानसभा क्षेत्र में 500 सक्रिय कार्यकर्ताओं का डाटा बैंक होगा तैयार
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पार्टी हर विधानसभा क्षेत्र में 500 सक्रिय कार्यकर्ताओं का डाटा बैंक तैयार करेगी। इसे तैयार करने के लिए 30 मई तक का समय निर्धारित किया गया है। आगामी लोकसभा चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस सक्रिय कार्यकर्ताओं की फौज खड़ी करना चाहती है। इसके दृष्टिगत ही कार्यकर्ताओं को डाटा बैंक तैयार करने का फैसला लिया गया है। इनका पूरा रिकॉर्ड ब्लॉक से लेकर जिला व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पास मौजूद होगा। इन सक्रिय कार्यकर्ताओं से एक-एक हजार रुपए का चंदा भी वसूला जाएगा। इनसे ही पार्टी को 3 करोड़ 40 लाख रुपए का चंदा एकत्रित हो जाएगा। 


विधायकों से ही जुट जाएंगे 21 लाख 
वर्तमान में विधानसभा में कांग्रेस के 21 विधायक हैं। यदि सभी विधायक चंदा देते हैं तो विधायकों से 21 लाख रुपए का चंदा पार्टी को मिलेगा। इसी तरह पूर्व विधायकों से 50 हजार रुपए का चंदा प्रति विधायक वसूला जाएगा। उल्लेखनीय है कि पार्टी को अपने कार्यालय के टैक्स का लाखों रुपए नगर निगम को अदा करने है। साथ ही उसे पानी के बिल सहित अन्य कार्यालय का खर्चा चलाने के लिए धन की आवश्यकता है। 


रामलाल ठाकुर ने दिया 1 लाख का फंड
बैठक में ही विधायक व पार्टी के वरिष्ठ नेता रामलाल ठाकुर ने चंदे के रूप में एक लाख का चैक काट कर दिया। उन्होंने कहा कि सभी को फंड देना चाहिए। इसके  साथ ही जिला कांग्रेस शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष यशवंत  छाजटा द्वारा भी 50 हजार की राशि पार्टी फंड में दिए जाने की सूचना है।

Vijay