प्रियंका वाड्रा को हिरासत में लेने पर शिमला में प्रदर्शन, कांग्रेस ने फूंका CM योगी का पुतला

Saturday, Jul 20, 2019 - 07:34 PM (IST)

शिमला (योगराज): कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका वाड्रा को उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा हिरासत में लेने के बाद कांग्रेस पूरे देश मे आगबबूला हो गई है। बता दें कि प्रियंका वाड्रा शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में हुए जमीन को लेकर नरसंहार के पीड़ितों से मिलने जा रही थीं, जिन्हें पुलिस ने रोक लिया और घटनास्थल पर जाने की इजाजत नहीं दी। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने प्रियंका वाड्रा को हिरासत में लेने पर भाजपा सरकार पर लोकतंत्र की हत्या करने के आरोप लगाए हैं। कांग्रेस ने योगी और केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ शिमला में जबरदस्त नारेबाजी की और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला भी फूंका।

कार्ट रोड में फूंका योगी का पुतला

हालांकि प्रदेश कांग्रेस प्रदर्शन में ज्यादा भीड़ नहीं जुटा पाई और न ही प्रदर्शन के लिए अपने दफ्तर से ज्यादा बाहर निकल पाई। कांग्रेस ने अपने दफ्तर से 4 कदम बाहर कार्ट रोड में योगी का पुतला फंूका और 10 मिनट के लिए रोड भी जाम किया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने बताया कि प्रियंका वाड्रा अपनी दादी इंदिरा गांधी के पदचिन्हों पर चल रही हैं। योगी सरकार ने प्रियंका वाड्रा को सोनभद्र में पीड़ितों से मिलने की परमिशन नहीं दी जोकि लोकतंत्र की हत्या है।

कांग्रेस नेताओं को तंग किया तो सड़कों पर उतरेगी कांग्रेस

उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस राज्यपाल से इस मामले को लेकर मिलना चाहती थी लेकिन अभी तक नए राज्यपाल ने अपना पद नहीं संभाला है, यह भी एक तरह का संवैधानिक संकट है। केंद्र की तानाशाह सरकार अगर इसी तरह से कांग्रेस के नेताओं को तंग करती रही तो कांग्रेस सड़कों पर उतर कर सरकार के खिलाफ उग्र आंदोलन छेड़ेगी। प्रदर्शन में नेेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, विधायक विक्रमादित्य सिंह, नंदलाल, मोहन लाल बरागटा और महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल ने हिस्सा लिया।

Vijay