दिल्ली में केंद्र सरकार के खिलाफ गरजी कांग्रेस, राठौर के नेतृत्व में हिमाचल से जुटे हजारों कार्यकर्ता

Saturday, Dec 14, 2019 - 07:44 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित भारत बचाओ महारैली में हिमाचल से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने अपनी उपस्थित दर्ज करवाई। प्रदेश कांग्रेस का दावा है कि रैली में साढ़े 5 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं ने पार्टी अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर के नेतृत्व में भाग लिया। प्रदेश कांग्रेस के कार्यकर्ता हिमाचली परिधान और वाद्ययंत्रों के साथ रैली स्थल तक पहुंचे और केंद्र सरकार की जनविरोधियों नीतियों के खिलाफ अपना विरोध जताया।

राठौर को कंधों पर उठाकर रैली स्थल तक पहुंचे कार्यकर्ता

कार्यकर्ता पार्टी अध्यक्ष राठौर को कंधों पर उठाकर रैली स्थल तक ले गए। प्रदेश कांग्रेस को हिमाचल से 1 हजार कार्यकर्ताओं को रैली में लाने का लक्ष्य दिया गया था जबकि रैली में उससे ज्यादा तादाद में कार्यकर्ता पहुंचे। कार्यकर्ता सुबह ही हिमाचल भवन पहुंच गए थे, जहां से रामलीला मैदान तक रैली निकाली गई। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस की प्रभारी रजनी पाटिल भी मौजूद रहीं। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हुई बर्फ बारी के बावजूद भी रैली में हजारों की तादाद में कार्यकर्ता पहुंचे।

केंद्र की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ बज गया बिगुल

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने संपर्क करने पर भारत बचाओ महारैली को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ  देश की राजधानी से पहला बिगुल बज गया है, ऐसे में अब हिमाचल सहित देश के अन्य राज्यों में केंद्र और भाजपा शासित सरकारों की घेराबंदी शुरू होगी। दिल्ली में आयोजित रैली को कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया।

पाटिल ने थपथपाई राठौर की पीठ

दिल्ली में हिमाचल से बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं को देख रजनी पाटिल ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राठौर की पीठ थपथपाई। पाटिल ने कहा कि बर्फबारी और खराब मौसम के बावजूद हिमाचल से इतनी संख्या में कार्यकर्ताओं का रैली में पहुंचना स्पष्ट करता है कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों से जनता अब त्रस्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि अब हिमाचल में सरकार के खिलाफ भी बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।

कार्यकारिणी भंग होने के बाद भी जुटाई भीड़

प्रदेश, जिला और ब्लॉक कार्यकारिणी भंग होने के बाद भी राठौर ने दिल्ली में बड़ी संख्या में कार्यकत्र्ताओं की उपस्थित दर्ज करवाई। पार्टी नेताओं का कहना है कि यह पहला मौका है जब किसी प्रदेश से इतनी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रैली के लिए दिल्ली पहुंचे हों।  रैली में भीड़ जुटा राठौर ने अपने अनुभव का भी परिचय दिया। हालांकि विधानसभा का शीतकालीन सत्र होने के चलते नेता प्रतिपक्ष के साथ ही कुछ अन्य पार्टी विधायक रैली में भाग नहीं ले सके।

Vijay