कुलदीप राठौर ने किया खरगे के बयान का समर्थन, बोले-देश की आजादी में BJP नेताओं का कोई योगदान नहीं

Wednesday, Dec 21, 2022 - 09:35 PM (IST)

शिमला (राक्टा): कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा देश की आजादी में भाजपा नेताओं के योगदान को लेकर दिए गए बयान का कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं विधायक कुलदीप राठौर ने समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा का देश की आजादी में कोई भी योगदान नहीं है। कांग्रेस ने देश को आजाद करवाया और देश के लिए कांग्रेस नेताओं ने अपने प्राणों की आहुति दी है। राठौर ने कहा कि एक समय वह भी था जब भाजपा के नेता अंग्रेजों के साथ खड़े थे और उनके नेताओं ने उस समय स्वतंत्रता सेनानियों के खिलाफ कोर्ट में जाकर गवाही तक दी थी। राठौर ने कहा कि भाजपा नेताओं के पूर्वजों का देश की आजादी या स्वतंत्रता संग्राम में कोई भी योगदान नहीं रहा है जबकि कांग्रेस नेताओं ने देश को आजाद ही नहीं करवाया बल्कि देश की एकता व अखंडता के लिए अपने प्राण भी न्यौछावर किए हैं। चाहे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी हों या पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी या फिर राजीव गांधी, कांग्रेस नेताओं ने देश के लिए अपने प्राणों की आहुति दी है। 

भारत जोड़ो यात्रा रोकने के लिए दिया जा रहा कोरोना के मामले बढ़ने का हवाला
कुलदीप राठौर ने कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर केंद्र सरकार द्वारा राहुल गांधी को भारत जोड़ो यात्रा रोकने के लिए लिखे गए पत्र पर पलटवार करते हुए कहा कि भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के साथ बड़ी संख्या में लोग जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा को सफल होते देख भाजपा घबरा गई है, ऐसे में इस यात्रा को रोकने के लिए कई तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब राज्यों में चुनाव हुए तो उस समय कोरोना नजर नहीं आया और जब राहुल गांधी देश को जोड़ने के लिए यात्रा कर रहे हैं तो कोरोना के मामले बढ़ने का हवाला दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के भारत जोड़ो यात्रा को रोकने के लिए किए जा रहे प्रयास कभी सफल नहीं होने वाले हैं। 

संगठन में व्यक्तिगत इच्छा को कोई महत्व नहीं
राठौर ने एक सवाल के जवाब में कहा कि संगठन में व्यक्तिगत इच्छा और आकांक्षाओं का कोई महत्व नहीं होता है। उन्होंने कहा कि जल्द ही हाईकमान के निर्णय के बाद मंत्रिमंडल का गठन हो जाएगा। राठौर ने कहा कि वे कभी किसी पद की रेस में नहीं रहे। जब अध्यक्ष भी बनाया गया था तो मालूम नहीं था कि अध्यक्ष बनने वाला हूं। ऐसे में हाईकमान आगे भी जो जिम्मेदारी देगा, उसे पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे। 

मुख्य सचिव से की मुलाकात 
राठौर ने बुधवार को सचिवालय मेंं मुख्य सचिव से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि यह एक शिष्टाचार भेंट थी। इस दौरान उन्होंने बताया कि घोषणा पत्र पर सरकार ने काम शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ओपीएस के साथ ही अन्य वायदों को चरणबद्ध तरीके से करेगी।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay