चुनावी रणनीति बनाने में जुटी कांग्रेस, सुक्खू ने जिलाध्यक्षों से ली फीडबैक

Tuesday, Sep 05, 2017 - 06:29 PM (IST)

शिमला (विकास शर्मा): हिमाचल में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस ने कमर कस ली है। चुनावों को लेकर रणनीति बनाने में कांग्रेस जुट गई है। विधानसभा चुनावो में क्या मुद्दे होंगे इसको लेकर कांग्रेस पधाधिकारी मंथन करने में जुट गए हैं। मंगलवार को शिमला कांग्रेस कार्यालय में प्रदेश कांग्रेस जिलाध्यक्षों की बैठक आयोजित की गई जिसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पधाधिकारियों से फीडबैक ली। विधानसभा चुनाव में कौन से मुद्दे होंगे इसको लेकर भी बैठक में चर्चा की गई। 

पथ यात्रा के तीन चरणों की ली फीडबैक
बैठक में पथ यात्रा का एक चरण पूरा करने के बाद दूसरे चरण की पथ यात्रा शुरू करने का फैसला भी लिया गया। इस पथ यात्रा के माध्यम से कांग्रेस प्रदेश सरकार की योजनाओं और केंद्र की जनविरोधी नीतियों को जन-जन तक पहुंचने काम कर रही है। बैठक में जिलाध्यक्षों से पथ यात्रा के 3 चरणों की फीडबैक ली गई और इसकी सफलता के बाद बची हुई पंचायतों और शिमला जिले के बचे हुए विधानसभा हलकों में इस पथ यात्रा को शुरू करने का निर्णय लिया गया। यही नहीं जिलाध्यक्षों ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के समर्थन में प्रस्ताव भी पास किया है। जिलाध्यक्षों ने उनके कामकाज की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन को नई ताकत मिली है। 

12 से 28 सितम्बर तक चलेगी पथ यात्रा
प्रदेशाध्यक्ष ने बैठक में 3 चरणों की पथ यात्रा को सफल बताते हुए कहा कि अब इसका एक चरण और होगा। यह यात्रा 12 से 28 सितम्बर तक चलेगी। उन्होंने कहा कि बैठक में उन सीटों पर फोकस किया गया है, जहां पर बीजेपी के विधायक पिछले 20-25 वर्ष से जीतते आ रहे हैं और वहां पर कैसे कांग्रेस के उम्मीदवार को जिताना है। इस पर जिलाध्यक्षों के साथ चर्चा की गई है। उन्होंने कहा कि जिलाध्यक्षों से सूची टिकट को लेकर नहीं मांगी गई है बल्कि उन लोगों की मांगी है जो हलकों में किसी न किसी क्षेत्र में कोई प्रभाव रखते हैं। उनका पार्टी चुनाव में कैसे इस्तेमाल कर सकती है। उस दृष्टि से यह सूची बनाई जा रही है। 

सी.एम. पर नहीं की कोई टिप्पणी
उन्होंने कहा कि सी.एम. वीरभद्र सिंह सम्मानित नेता हैं और उन्होंने क्या कहा है, वे उस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते। उन्होंने कहा कि उनसे कोई ज्यादा मतभेद नहीं है और न ही कोई मनभेद हैं। उन्होंने कहा कि सी.एम. ने राज्य का अभूतपूर्व विकास किया है और कांग्रेस विकास के मुद्दे के साथ जनता के बीच जाएगी।