कांग्रेस ने शिमला संसदीय क्षेत्र के लिए बनाई रणनीति, सीएम बोले-लोकतंत्र को धनबल से नहीं लूटने देंगे

Saturday, Apr 20, 2024 - 09:57 PM (IST)

शिमला (भूपिन्द्र): मंडी संसदीय क्षेत्र के बाद प्रदेश कांग्रेस ने शिमला संसदीय क्षेत्र के लिए रणनीति तैयार की। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन शिमला में शनिवार को शिमला संसदीय क्षेत्र के पदाधिकारियों की बैठक हुई, जिसमें निर्णय लिया गया कि संसदीय क्षेत्र में हलकों के अनुसार मुद्दों का उठाया जाएगा। जैसे सेब उत्पादक क्षेत्रों में आयात शुल्क व सेब के पैकेजिंग सामग्री पर जीएसटी जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाएंगे तो वहीं अन्य क्षेत्रों में स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर भाजपा को घेरने का प्रयास किया जाएगा, साथ ही आपदा तथा प्रदेश सरकार द्वारा किए गए कार्यों व केंद्र की भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों को आम जनता तक पहुंचाया जाएगा। बैठक में सभी नेताओं व पदाधिकारियों को एकजुटता के साथ प्रचार में उतरने का आह्वान किया।

कांग्रेस लोगों को दे रही राहत, भाजपा कर रही रुकवाने का काम : सुक्खू
इस मौके पर सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य की चारों संसदीय क्षेत्रों के लिए अलग-अलग रणनीति तैयार की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस जहां लोगों को राहत देने के लिए काम कर रही है, वहीं भाजपा उसे रुकवाने का काम कर रही है। कांग्रेस ने पहली कैबिनेट में कर्मचारियों को ओपीएस दी, जबकि भाजपा ने राजस्थान में पहली कैबिनेट में इसे रुकवाने का काम किया। इसी तरह प्रदेश सरकार ने महिलाओं को 1500 रुपए देने की योजना शुरू की लेकिन भाजपा ने चुनाव आयोग के पास जाकर इसे रुकवाया। इसी तरह आपदा के लिए विशेष पैकेज को भी भाजपा नेताओं ने रुकवाने का काम किया। ऐसे में भाजपा नेताओं विशेषकर इनके 3 सांसदों से सवाल किया जाना चाहिए कि उन्होंने आपदा से निपटने के लिए क्या किया। कांग्रेस इन सब बातों को जनता के अदालत में जाकर सच-सच बताएगी।

भ्रष्टाचारी नेताओं को बेनकाब कर सबक सिखाने का आ गया समय
सुक्खू ने कहा है कि प्रदेश में भ्रष्टाचारी नेताओं को बेनकाब कर सबक सिखाने का समय आ गया है। जिस प्रकार से भाजपा ने एक षड्यंत्र रच कर प्रदेश की कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने का असफल प्रयास किया है, उससे इसका असली चेहरा देश व प्रदेश के सामने आ चुका है। उन्होंने कहा कि पार्टी से दगा करने वाला कोई भी नेता अब कभी जीत नहीं पाएगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को धनबल से नहीं लूटने देंगे। कांग्रेस के पास जनबल है। उन्होंने इसके लिए पार्टी के सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्त्ताओं को एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरने को कहा।

प्रतिभा ने किया भाजपा के दुष्प्रचार का मुंहतोड़ जवाब देने का आह्वान
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने सभी नेताओं व पदाधिकारियों से भाजपा के किसी भी दुष्प्रचार का मुंह तोड़ जवाब देने का आह्वान किया। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से एकजुट होकर कार्य करने को कहा। उन्होंने कहा कि शिमला संसदीय सीट पर कांग्रेस की स्थिति मजबूत है।

ये होगी चुनौती
शिमला संसदीय सीट की 18 विधानसभा क्षेत्रों में से 14 पर कांग्रेस का कब्जा है। यानी पार्टी की स्थिति मजबूत है। शेष 3 पर भाजपा तथा एक पर निर्दलीय विधायक विधानसभा में हैं। इसमें जिला शिमला के चौपाल, जिला सिरमौर के पच्छाद व पांवटा साहिब पर भाजपा तथा जिला सोलन के नालागढ़ सीट पर निर्दलीय विधायक हैं। ऐसे में कांग्रेस के समक्ष अपनी इस बढ़त को बनाए रखने की चुनौती होगी। साथ ही गत लोकसभा चुनाव में शिमला संसदीय क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी ने कांग्रेस के प्रत्याशी को 327514 वोटों के अंतर से हराया था। इस अंतर को कम करने के लिए भी कांग्रेस को कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay