कांग्रेस ने राजस्थान में बनाई हिमाचल विधानसभा चुनाव की रणनीति

Sunday, May 15, 2022 - 09:32 PM (IST)

शिमला (राक्टा): राजस्थान के उदयपुर में आयोजित कांग्रेस के 3 दिवसीय नव संकल्प चिंतन शिविर का रविवार को समापन हो गया। शिविर में हिमाचल में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भी रणनीति तैयार की गई। इसके तहत कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला ने हिमाचल कांग्रेस के नेताओं के साथ अलग से बैठक की। इसमें प्रदेश सह-प्रभारी संजय दत्त, गुरकिरत सिंह कोटली और तजेंद्र पाल सिंह भी उपस्थित रहे। राजीव शुक्ला ने कहा कि चिंतन शिविर में हिमाचल के नेताओं ने भाग लिया। इसके साथ ही विधानसभा चुनाव को लेकर किस तरह से आगे बढ़ना है और क्या-क्या करना है, उस पर भी विचार-विमर्श हुआ।

पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले में सरकार को घेरेगी कांग्रेस
उन्होंने कहा कि प्रदेश में पुलिस कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा का पेपर लीक होने का मामला बेहद चिंतनीय है। जिस तरह से पुलिस भर्ती पेपर लीक कर एक बड़ा घोटाला किया गया है, उसको निश्चित तौर पर कांग्रेस उजागर करके सरकार को कटघरे में खड़ा करेगी। राजीव शुक्ला ने कहा कि हिमाचल कांग्रेस की मांग है कि या तो तत्काल प्रभाव से मामले की छानबीन को न्यायिक जांच आयोग हाईकोर्ट की निगरानी में बिठाया जाए या सीबीआई जांच करवाई जाए। इसके साथ ही अन्य घोटालों को भी उजागर किया जाएगा।
 

प्रतिभा ने प्रियंका वाड्रा से की मुलाकात
प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने रविवार को उदयपुर में पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा से भी मुलाकात की। इस दौरान प्रतिभा सिंह ने उन्हें प्रदेश के ताजा राजनीतिक घटनाक्रम के बारे में जानकारी दी। 

दिल्ली में वरिष्ठ नेताओं से हो सकती है मुलाकात
प्रतिभा सिंह सोमवार को दिल्ली में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात कर सकती है। सूचना के अनुसार प्रदेश कांग्रेस और जिला स्तर पर कुछ फेरबदल जल्द हो सकते हैं। वापस शिमला लौटने पर प्रतिभा सिंह सभी विधानसभा क्षेत्रों का दौरा शुरू करेंगी।  

ये नेता रहे मौजूद 
नव संकल्प चिंतन शिविर में कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्रिहोत्री, प्रचार समिति के अध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, वरिष्ठ नेता एवं विधायक कर्नल धनीराम शांडिल, राष्ट्रीय सचिव सुधीर शर्मा, अनिरुद्ध सिंह, राजेश धर्माणी व रघुबीर सिंह बाली, एआईसीसी के संयुक्त सचिव गोकुल बुटेल सहित अन्य नेताओं ने प्रदेश से भाग लिया। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay