दिल्ली दरबार में हाजिरी लगाने लगे कांग्रेसी नेता, खरगे व वेणुगोपाल से मिले कुलदीप राठौर

Saturday, Nov 19, 2022 - 09:12 PM (IST)

शिमला (भूपिन्द्र): हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनावों के लिए हुए मतदान के बाद तथा चुनाव परिणाम आने से पहले राज्य के कांग्रेस नेता दिल्ली दरबार में हाजिरी लगाने लगे हैं। इसी कड़ी में शनिवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर ने दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से अलग-अलग भेंट कर हाल ही में प्रदेश हुए विधानसभा चुनावों को लेकर फीडबैक दिया। इस दौरान उन्होंने पार्टी नेताओं से संगठन को लेकर चर्चा की तथा उन्हें प्रदेश की राजनीति की पूरी जानकारी दी। इस दौरान राठौर ने दावा किया कि प्रदेश में संगठन मजबूत है और इसी के चलते प्रदेश में विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को शानदार जीत हासिल होगी। जानकारी है कि इस दौरान उन्होंने कांग्रेस की जीत पर राज्य में गठित होने वाली सरकार की रूपरेखा को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने खरगे को पार्टी अध्यक्ष बनने पर बधाई दी तथा हिमाचल प्रदेश प्रचार करने के लिए उनका आभार जताया।

कई राजनीतिक मसलों पर चर्चा 
राठौर ने इस दौरान प्रदेश संगठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों की जानकारी देते हुए कई अन्य राजनीतिक मसलों पर भी चर्चा की। राठौर ने नई दिल्ली में पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी की जयंती पर राष्ट्रीय नेताओं के साथ शक्ति स्थल पर अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए। बाद में उन्होंने नई दिल्ली में डाॅ. राजेंद्र प्रसाद रोड पर स्थित जवाहर भवन में इंदिरा गांधी पुरस्कार समारोह में भी भाग लिया। इस समारोह में मुख्यातिथि देश के पूर्व उपराष्ट्रपति मोहम्मद हामिद अंसारी थे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता सोनिया गांधी ने की। इसके पश्चात राठौर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से मिले तथा उनसे संगठन व हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों को लेकर मंथन किया। जानकारी है कि आने वाले दिनों में प्रदेश के अन्य वरिष्ठ नेता चुनावी फीडबैक देने के लिए दिल्ली जा सकते हैं। 

होलीलाॅज में कई नेता लगा चुके हैं हाजिरी
पूर्व सीएम स्व. वीरभद्र सिंह तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के आवास होलीलाॅज में कई नेता पहले ही हाजिरी लगा चुके हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेता कौल सिंह ठाकुर, राम लाल ठाकुर सहित अन्य कई नेता प्रतिभा सिंह से मिलने होलीलाॅज पहुंचे थे।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay