कांग्रेस में हुए खूनी संघर्ष पर सतपाल सत्ती ने साधा निशाना, दिया बड़ा बयान

Sunday, Jan 20, 2019 - 09:58 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में हुए खूनी संघर्ष पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने तीखा निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब एक राजनीतिक दल न रहकर गुंडों के गिरोह में तबदील हो चुकी है, जो सत्ता और कुर्सी हथियाने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। इस हिंसा ने कांग्रेस पार्टी के चरित्र को उजागर किया है। चुनाव आयोग को स्वयं संज्ञान लेते हुए कांग्रेस पार्टी की एक राजनीतिक दल के रूप में मान्यता को समाप्त कर देना चाहिए।

भाजपा अध्यक्ष ने यहां जारी बयान में कहा कि पूर्व में भाजपा कार्यालय पर हमला करके कांग्रेस नेताओं का मन नहीं भरा तो अब अपनी ही पार्टी के लोगों का खून बहाकर कांग्रेस नेता आनंदित हो रहे हैं। वे यह भूल रहे थे कि जो हिंसा की फसल उन्होंने बोई थी, वही फसल अब उन्हें काटनी पड़ रही है। देश में राजनीति और राजनीतिज्ञों के स्तर को गिराने के बाद कांग्रेस नेता अब कार्यकत्र्ता के बजाय गिरोह के रूप में कार्य कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी कार्यालय में बहा खून इन गिरोहों की आपसी लड़ाई का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के कार्यालय में हुए खूनी संघर्ष से देवभूमि की साख को बट्टा लगा है। कांग्रेसी नेताओं को इसके लिए प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
 

Ekta