हिमाचल मंत्रिमंडल को लेकर खींचतान जारी, 10 मंत्रियों के चयन में उलझी कांग्रेस सरकार

Sunday, Dec 18, 2022 - 11:40 PM (IST)

शिमला (राक्टा): हिमाचल कांग्रेस में मंत्रिमंडल को लेकर खींचतान जारी है। सूचना के अनुसार मंत्रिमंडल के गठन को लेकर रविवार को भी दिल्ली में अलग-अलग चरणों में बैठकों का दौर चला लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है तथा 10 गारंटियों के नाम पर सत्ता में आई कांग्रेस 10 मंत्रियों के चयन में उलझ कर रह गई। इससे पार्टी समर्थकों के साथ ही कार्यकत्र्ताओं में भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है। दिल्ली में रविवार को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पार्टी के प्रदेश प्रभारी सहित अन्य नेताओं के साथ मंत्रिमंडल को लेकर चर्चा की लेकिन कुछ चेहरों को मंत्री बनाए जाने पर पेंच फंसा हुआ है। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री की कुर्सी जाने के बाद होलीलॉज अधिक से अधिक मंत्री पद चाह रहा है जबकि अन्य खेमों द्वारा भी अपने-अपने चेहतों की ताजपोशी मंत्री पद करवाए जाने के प्रयास हो रहे हैं, ऐसे में मामला सुलझने के बजाए उलझते जा रहा है।  बीते 11 दिसम्बर को कांग्रेस नेता ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मुख्यमंत्री और मुकेश अग्रिहोत्री ने उपमुख्यमंंत्री पद की शपथ ली थी, ऐसे में एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी कैबिनेट स्पष्ट नहीं हो पाई है। इससे सियासी गलियारों में कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं।  

विधानसभा अध्यक्ष पर भी पेंच, 23 को खुलेंगे पत्ते 
मंत्रिमंडल की तरह अभी विधानसभा अध्यक्ष व उपाध्यक्ष को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। सूत्रों के अनुसार पार्टी 23 दिसम्बर को ही अध्यक्ष को लेकर अपने पत्ते खोलेगी। यानि विधायक दल किसे विधानसभा अध्यक्ष चुनता है इसका पता शीतकालीन सत्र में ही चलेगा।  

हिमाचल कांग्रेस में अंतर्कलह नहीं, मुख्यमंत्री पद के लिए होड़ थी : सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस की हिमाचल प्रदेश इकाई के भीतर कोई अंतर्कलह नहीं है और मुख्यमंत्री पद के लिए ‘होड़’ थी क्योंकि 3-4 दावेदार थे। उन्होंने कहा कि अगर कुछ गलत होता तो ‘राजस्थान जैसी स्थिति’ हो जाती। उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस का कोई भी विधायक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल नहीं होगा और पार्टी की सरकार लोगों के वास्ते काम करने के लिए प्रतिबद्ध है। 

मंत्रिमंडल की पहली बैठक में ओपीएस का वायदा करेंगे पूरा
उन्होंने कहा कि सरकार मंत्रिमंडल की पहली बैठक में सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पैंशन योजना को बहाल करने के वायदे को पूरा करेगी। सुक्खू ने कहा, ‘‘हमने वित्त सचिव से बात की है। एक रणनीति के तहत हम जानते हैं कि हमें कहां से धन सृजित करना है और हमें कहां निवेश करना है। हमने पुरानी पैंशन योजना शुरू करने पर काम किया है और हम इसे कैबिनेट की पहली बैठक में पेश करेंगे।’’ अपने मंत्रिमंडल के विस्तार के बारे में पूछे जाने पर, उन्होंने कहा कि यह जल्द ही होगा। उन्होंने कुछ विधायकों द्वारा मंत्री पद के लिए लामबंदी किए जाने संबंधी खबरों का खंडन किया। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay