कांग्रेस ने पुलवामा आतंकी हमले में शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि, पाक के खिलाफ उठाई कार्रवाई की मांग

Friday, Feb 15, 2019 - 07:46 PM (IST)

शिमला (राजीव): जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले के बाद देश भर में प्रदर्शन हो रहे हैं। हिमाचल में भी जगह-जगह शुक्रवार को प्रदर्शन किए गए। इसी कड़ी में शिमला में कांग्रेस ने रिज मैदान पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष मोमबत्ती जला कर शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर, पूर्व सी.एम. वीरभद्र सिंह, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री सहित कांग्रेस के कार्यकर्ता शामिल हुए।

पकिस्तान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की उठाई मांग

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रिज पर नारेबाजी की और केंद्र्र सरकार से पकिस्तान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आज पूरा देश गमगीन है। जम्मू में 40 जवानों की निर्मम हत्या की गई और सैंकड़ों जवान घायल हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राजनीति से ऊपर उठ कर आज उन्हें श्रद्धांजलि दी और पूरी कांग्रेस सेना के साथ खड़ी है।

केंद्र सरकार कमजोर इसलिए सीमा पार से बढ़ रहे हमले

उन्होंने कहा कि आज केंद्र सरकार कमजोर है इसलिए सीमा पार से हमले बढ़ रहे हैं।  उन्होंने कहा कि सरकार को अब कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए और ये सन्देश देना चाहिए की देश कमजोर नही है। उन्होंने कहा कि पूर्व में जब भी ऐसी हरकत पकिस्तान की तरफ से की गई तो उसका मुंहतोड़ जवाब दिया गया और उसी तरह के एक्शन की अब जरूरत है।

Vijay