कांग्रेस अध्यक्ष ने शिलान्यासों पर घरी केंद्र सरकार, CM जयराम को लेकर दिया बड़ा बयान (Video)

Sunday, Feb 24, 2019 - 03:41 PM (IST)

शिमला (योगराज): प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और केंद्र सरकार पर प्रदेश के लोगों को गुमराह करने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री द्वारा कांगड़ा के देहरा में किए गए सैंट्रल यूनिवर्सिटी के शिलान्यास और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी द्वारा नैशनल हाईवे के शिलान्यास करने पर चुनावों से पहले लोगों को ठगने का आरोप लगाया है और कहा है कि मोदी सरकार हर चुनावों के समय कुछ न कुछ जुमलेबाजी करती है।

चुनाव नजदीक आते ही आई शिलान्यास और उद्घाटनों की याद

उन्होंने कहा कि केंद्र की सरकार को लोकसभा चुनाव नजदीक आते ही शिलान्यास और उद्घाटनों की याद आ गई है। 5 साल में तो केंद्र की भाजपा सरकार कुछ कर नहीं पाई अब जब चुनाव नजदीक हैं तो लोगों को गुमराह करने के लिए भाजपा शिलान्यास पर शिलान्यास करे जा रही है लेकिन लोग सब जानते हैं। अब वक्त आ गया है कि भाजपा को 5 साल का हिसाब जनता को देना होगा।

1100 कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सूची जारी करें सी.एम.

उन्होंने मुख्यमंत्री के मंडी दौरे में दिए गए 1100 कांग्रेस कार्यकर्ताओं के भाजपा में शामिल होने के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री अपने कुनबे को संभालें क्योंकि भाजपा के कुनबे में बड़ी दरारें आ गई हैं और भाजपा के कई नेता कांग्रेस के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उन 1100 कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सूची जारी करें जो भाजपा में शामिल होना चाहते हैं, जिससे सभी को सच्चाई का पता चल सके।

बयानबाजी छोड़ विकास कार्यों पर ध्यान दें सी.एम.

उन्होंने मुख्यमंत्री को सलाह देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को प्रदेश के विकास कार्यों और समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए न कि इस तरह की बयानबाजी करनी चाहिए। प्रदेश में स्वाइन फ्लू ने विराट रूप धारण कर लिया है और प्रदेश के किन्नौर में बर्फ में दबे 5 जवानों को सरकार अभी तक नहीं ढूंढ पाई है, जिससे सरकार की विफलता सबके सामने आ गई है।

Vijay