हिमाचल: अंतरिम केंद्रीय बजट को कांग्रेस ने बताया निराशाजनक, भाजपा ने की सराहना

Thursday, Feb 01, 2024 - 06:50 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की तरफ से वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए प्रस्तुत अंतरिम बजट की जहां प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने निराशाजनक बताया है तो वहीं हिमाचल भाजपा ने इसकी सराहना की है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि केंद्रीय अन्तरिम बजट देशवासियों और हिमाचल की उम्मीदों के अनुरूप नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इतिहास की सबसे बड़ी आपदा झेलने वाले हिमाचल प्रदेश को केंद्र सरकार से विशेष आर्थिक पैकेज नहीं मिलना निराशाजनक है। इसी तरह रेल नैटवर्क के विस्तारीकरण में हिमाचल प्रदेश का कहीं उल्लेख नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि हरित ऊर्जा तथा सौर ऊर्जा की बात कही गई है लेकिन इसको लेकर कोई स्पष्ट रोडमैप नहीं है। एलपीजी की कीमतों में वृद्धि की गई है और आमजन के लिए डीजल तथा पैट्रोल की कीमतों में कोई कटौती नहीं की गई है। वस्तु एवं सेवा कर संग्रह 1.8 लाख करोड़ रुपए तक पहुंचने के बावजूद आयकर तथा अन्य करों में कोई भी अतिरिक्त रियायत नहीं दी गई है। आयकर में किसी तरह की रियायत नहीं दिए जाने से कर्मचारियों सहित अन्य आयकरदाताओं को निराशा हाथ लगी है।

अंतरिम बजट निराशाजनक, तथ्यों को छिपाया गया : प्रतिभा सिंह
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने केंद्रीय अंतरिम बजट को निराशाजनक बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय बजट में तथ्यों को छिपाया गया है। ऐसे में बजट में कही गई बातें हकीकत से दूर हैं। बजट में आम जनता और गरीबों के लिए कुछ होता तो हम स्वागत करते। आर्थिक सर्वेक्षण के जारी नहीं होने से यह स्पष्ट है कि केंद्र सरकार ने तथ्यों को छिपाने का प्रयास किया है।

अंतरिम केंद्रीय बजट में देश को आगे ले जाने की झलक : जयराम
नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अंतरिम केंद्रीय बजट को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इच्छा के अनुरूप देश को आगे ले जाने की झलक बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार जो कहती है उसको पूरा करना प्रधानमंत्री की गारंटी है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में फिर से सरकार बनेगी जो बाद में पूरा बजट प्रस्तुत करेगी। बजट में ग्रीन एनर्जी और सौर ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा। यह बजट वर्ष 2047 में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प दर्शाता है, जिसमें राज्यों को उदार वित्तीय मदद देने एवं कर मुक्त ऋण देने की बात कही गई है।

अंतरिम बजट से युवाओं, महिलाओं व किसानों को मिला बल : राजीव बिंदल
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने कहा है कि केंद्रीय बजट से युवाओं, महिलाओं व किसानों को बल मिलेगा। उन्होंने यहां जारी बयान में कहा कि गत 10 वर्षों में भारत की आर्थिकी सुदृढ़ हुई है, जिससे 7 फीसदी प्रतिवर्ष की दर से आर्थिकी में बढ़ौतरी हुई है। उन्होंने कहा कि गत वर्ष ढांचागत विकास पर 18.06 लाख करोड़ रुपए की बढ़ौतरी हुई है, जो आशा और अपेक्षाओं से बहुत अधिक है। उन्होंने कहा कि बजट में किसानों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी वर्करों, महिलाओं एवं युवाओं सहित हर वर्ग का ध्यान रखा गया है।

विकसित भारत की नींव को मजबूत करेगा बजट : धूमल
पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने केंद्रीय वित्त मंत्री द्वारा प्रस्तुत किए गए बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मोदी सरकार का अंतिम बजट विशेषता लिए हुए है। यह बजट युवा गरीब महिला एवं किसान को सुदृढ़ करने वाला बजट है क्योंकि मोदी सरकार ने इन चारों को विकसित भारत का स्तंभ माना है। धूमल ने कहा कि यह बजट विकसित भारत की नींव को मजबूत करेगा और 2024 के आम चुनावों के बाद प्रधानमंत्री मोदी 2047 तक देश को विकसित भारत बनाने के संकल्प और स्वप्न की राह पर तीव्रता से आगे बढ़ेंगे।

जन-जन के विकास का बजट है केन्द्रीय अंतरिम बजट : सिकंदर
राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश महामंत्री भाजपा डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि इस बजट में मोदी सरकार का मंत्र सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास चरितार्थ होता है। उन्होंने कहा कि यह बजट गरीब कल्याण के लिए व जन-जन के विकास का बजट है। इस बजट में एक तरफ आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य व दूसरी ओर विकसित भारत का संकल्प दिखता है। 
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay