हिमाचल कांग्रेस ने 68 विधानसभा क्षेत्रों में नियुक्त किए पर्यवेक्षक

Tuesday, Jul 30, 2019 - 06:28 PM (IST)

शिमला (वार्ता): हिमाचल प्रदेश में होने वाले उपचुनावों को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने तैयारियां शुरू करने के साथ ही ब्लॉक कमेटियों का पुनर्गठन कर सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी पर्यवेक्षक नियुक्त कर दिए हैं जो ब्लॉक में अध्यक्ष और बूथ स्तर पर कार्यकर्ता बनाने का अनुमोदन करेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने मंगलवार को यहां पार्टी मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में यह जानकारी देते हुए बताया कि सभी पर्यवेक्षकों को अपनी रिपोर्ट 14 अगस्त तक प्रदेश कार्यालय में प्रस्तुत करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन पर प्रदेशाध्यक्ष के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है तथा वह बूथ स्तर पर कार्यकर्ता बनाने के साथ ब्लॉक अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष और प्रदेश कार्यकारिणी का गठन करेंगे।

परिचय पत्र प्रदान करेगी कांग्रेस कमेटी

उल्लेखनीय है कि हिमाचल में सिरमौर जिला की पच्छाद और कांगड़ा जिला की धर्मशाला विधानसभा सीटों के लिए उपचुनाव होने जा रहे हैं जो क्रमश: सुरेश कश्यप और किशन कपूर के लोकसभा के लिए चुने जाने पर रिक्त हुई हैं। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि पर्यवेक्षकों को अपना यह कार्य को पूरी निष्ठा व बगैर किसी भेदभाव के साथ निभाना होगा। प्रत्येक बूथ में 5 से 7 लोग नियुक्त किए जाएंगे, जिन्हें प्रदेश कांग्रेस कमेटी परिचय पत्र भी प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि संगठन में उन कार्यकर्ताओं को पूरा अधिमान दिया जाए जो पूरी निष्ठा के साथ पार्टी में काम कर रहे हैं।

हार के कारणों को दूर करने लिए प्रदेश संगठन का पुनर्गठन

उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों में पार्टी की अप्रत्याशित हार हुई है और हार के मुख्य क्या कारण थे उन्हें दूर करने की दृष्टि से ही प्रदेश संगठन का पुनर्गठन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस कार्य में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और पार्टी विधायकों की भी राय ली जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी की मजबूती के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना है। अभी यही हमारी परीक्षा की घड़ी है।

Vijay