दिल्ली में कांग्रेस का प्रत्याशियों को लेकर मंथन, हमीरपुर व कांगड़ा लोकसभा सीट पर नहीं बन पाई सहमति

Tuesday, Feb 06, 2024 - 12:34 AM (IST)

धर्मशाला/शिमला (सौरभ/कुलदीप): हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। धर्मशाला में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के 2 दिवसीय प्रवास में भाजपा के चुनावी चिंतन के अगले ही दिन दिल्ली में बुलाई बैठक में कांग्रेस आलाकमान ने प्रत्याशियों को लेकर प्रारंभिक चर्चा की। सूत्रों के अनुसार बैठक के दौरान चारों लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नाम गुण-दोष के आधार पर मंथन हुआ। हमीरपुर व कांगड़ा लोकसभा सीटों पर काफी माथापच्ची के बाद भी आम सहमति नहीं बन सकी। दोनों सीटें पार्टी के लिए चुनौती बनी हुई हैं। हमीरपुर में कांग्रेस लगातार 4 और कांगड़ा में 3 लोकसभा चुनाव हार चुकी है।

कांग्रेस जल्द प्रत्याशी घोषित करने की तैयारी में
सूत्रों के अनुसार कांग्रेस जल्द प्रत्याशी घोषित करने की तैयारी में है जिसे लेकर प्रभारी राजीव शुक्ला ने प्रदेश के नेताओं को आम सहमति बनाने को कहा है। बैठक में सिटिंग विधायकों को लोकसभा चुनाव लड़ाने पर भी मंथन हुआ लेकिन कोई फैसला नहीं हो सका। पार्टी जल्द ही स्क्रीनिंग कमेटी की अगली बैठक बुलाकर उम्मीदवारों ने नाम पर आगामी चर्चा करेगी। प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला के घर पर हिमाचल कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री भक्त चरण दास की अध्यक्षता में रात तक चली बैठक में शुक्ला के अलावा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, सह प्रभारी तेजिंदर पाल सिंह बिट्टू, स्क्रीनिंग कमेटी की सदस्य यशोमति ठाकुर सहित अन्य नेता मौजूद रहे।

कांग्रेस के लिए चिंता का सबब बनीं हमीरपुर व कांगड़ा सीट
हमीरपुर व कांगड़ा लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का चयन कांग्रेस के लिए खासी चिंता का सबब बना हुआ है। दोनों सीटों पर लगातार मिल रही हार का क्रम तोड़ने के लिए आलाकमान इस बार बड़े नेताओं को चुनाव लड़वाना चाहती है, लेकिन बड़े नेता एक-दूसरे पर पल्ला झाड़ रहे हैं। कांगड़ा से सुधीर शर्मा व आरएस बाली का नाम चर्चा में है जबकि हमीरपुर सीट पर कार्यकारी अध्यक्ष एवं विधायक राजेंद्र राणा और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री व सुनील शर्मा बिट्टू के नाम सुर्खियों में हैं। 

सोनिया-प्रियंका प्रदेश से राज्यसभा जाएं तो सौभाग्य की बात : सुक्खू
बैठक के दौरान प्रदेश से राज्यसभा सीट के प्रत्याशी के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित अन्य नेताओं की तरफ से सोनिया गांधी एवं प्रियंका गांधी का नाम सुझाया गया। हालांकि इसको लेकर अंतिम निर्णय पार्टी आलाकमान लेगा। मुख्यमंत्री ने बैठक शुरू होने से पहले पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा के लिए पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी या प्रियंका गांधी को प्रत्याशी बनाने को लेकर कहा कि इस विषय पर अंतिम निर्णय राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे लेंगे। यदि हिमाचल से सोनिया गांधी या प्रियंका गांधी राज्यसभा की प्रत्याशी बनती हैं तो यह सौभाग्य की बात होगी। वैसे भी प्रदेश में सोनिया-प्रियंका का घर है। 

सत्ता-संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा
सूत्रों के अनुसार बैठक में सत्ता-संगठन से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। लोकसभा चुनाव से पहले संगठन से जुड़े नेताओं एवं कार्यकर्त्ताओं को निगम-बोर्ड में तैनाती देने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। प्रतिभा सिंह हाल ही में यह विषय उठा चुकी हैं।

मुख्यमंत्री के शिमला लौटने पर होगी बजट सत्र की तैयारियों को लेकर चर्चा 
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के दिल्ली जाने के कारण प्रदेश सचिवालय में उच्च अधिकारियों के साथ होने वाली मंडे मीटिंग स्थगित कर दी गई। मुख्यमंत्री अब शिमला वापसी पर उच्च अधिकारियों के साथ विधानसभा के बजट सत्र की तैयारियों को लेकर चर्चा करेंगे। इसके अलावा जल्द ही मंत्रिमंडल की बैठक हो सकती है, जिसमें बजट सत्र के पहले दिन राज्यपाल के अभिभाषण को अंतिम रूप दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने नई दिल्ली दौरे के दौरान कुछ केंद्रीय मंत्रियों से भी मिलने का समय मांगा है। उनकी केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह से मुलाकात होती है तो वह सतलुज जल विद्युत निगम लिमिटेड को दिए 3 पावर प्रोजैक्टों लुहरी, सुन्नी व धौलासिद्ध से जुड़े मामले पर चर्चा कर सकते हैं। इन प्रोजैक्टों पर सरकार नए सिरे से समझौता कर प्रदेश की हिस्सेदारी को बढ़ाना चाहती है। इस मुद्दे को लेकर अधिकारियों के स्तर पर बैठक हो चुकी है। 

बजट में दिखेगी आत्मनिर्भर प्रदेश की झलक
वहीं मुख्यमंत्री सुक्खू ने नई दिल्ली में एक कार्यक्रम में कहा कि उनके दूसरे बजट में प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की झलक दिखेगी। सरकार आर्थिक स्थिति में सुधार करने के लिए प्रयास कर रही है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay