नगर निगम के क्रेडिट को लेकर सोलन में लगी होड़

Thursday, Oct 29, 2020 - 06:54 PM (IST)

सोलन (नरेश पाल): सोलन के नगर निगम बनते ही अब भाजपा व कांग्रेस में क्रेडिट लेने की होड़ शुरू हो गई है। नगर निगम संघर्ष समिति ने इसे अपनी जीत करार दिया है। समिति के अध्यक्ष कुल राकेश पंत ने दुर्गा क्लब में पत्रकार वार्ता में कहा कि उन्हें सोलन को नगर निगम का क्रेडिट लेने की आवश्यकता नहीं है। शहर की जनता को पता है कि नगर निगम बनाने के लिए संघर्ष किसने शुरू किया था। समिति वर्ष 2017 से इसके लिए संघर्ष कर रही है जिसे अब कामयाबी मिली है। इसके लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ-साथ उनकी पूरी सरकार के हम आभारी है जिसने उनकी इस मांग को पूरा किया। दूसरी ओर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के  सदस्य व नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष पवन गुप्ता ने नगर निगम संघर्ष समिति के अध्यक्ष कुल राकेश पंत की बातों पर पलटवार करते हुए कहा कि अब सिर्फ मीडिया में सुर्खियां बटोरने के लिए बयानबाजी कर रहे हैं।

उनका कहना है कि जब कुल राकेश पंत सोलन नगर परिषद के अध्यक्ष थे और प्रदेश में उनकी सरकार थी तब उन्होंने प्रयास क्यों नहीं किए। उन्होंने कहा कि सोलन को नगर निगम बनाने की बात सबसे पहले 2010 में उठी थी लेकिन उस समय ये सम्भव नहीं हो सका। लेकिन जब 2014 केंद्र और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी उस समय भी कांग्रेस से सम्बंध रखने वाले कुल राकेश पंत ने अपनी सरकार होते हुए नगर निगम पर मोहर नहीं लगा पाए। उन्होंने कहा कि 2017 में उन्होंने नगर निगम संघर्ष समिति बना दी, लेकिन अगर वे लोग संघर्ष करते तो उसी समय नगर निगम पर मोहर लग जाती। पवन गुप्ता ने कहा कि अब सोलन के नगर निगम बनने से सोलन के विकास में रफ्तार मिलेगी। इसके लिए प्रदेश मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को इसका पूरा श्रेय जाता है। इससे पूर्व भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डा. राजेश कश्यप भी इस मामले को लेकर बुधवार को पत्रकार वार्ता कर चुके है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को इसका श्रेय दिया है। उन्होंने कहा था कि भाजपा सरकार के कारण ही सोलन का नगर निगम का सपना पूरा हुआ है।

Naresh Pal