JCB और Tourist Bus में जबरदस्त टक्कर, बाल-बाल बचीं सवारियां

Friday, Apr 19, 2019 - 08:51 PM (IST)

शिमला: राजधानी के कनलोग में पर्यटक बस और जे.सी.बी. के बीच टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के अंदर बैठी सवारियों के होश उड़ गए। गनीमत यह रही कि सभी सवारियां सुरक्षित बच गईं। टक्कर के दौरान किसी भी सवारी को चोट नहीं आई है। यह टक्कर शुक्रवार को सुबह करीब 9:30 बजे हुई। बताया जा रहा है कि टूरिस्ट बस (नं. यू.पी. 17-4646) खलीनी से सोलन की तरफ  जा रही थी, जैसे ही बस कनलोग के पास पहुंची तो उसी समय एक जे.सी.बी. कनलोग से बेमलोई की तरफ  जा रही थी। इस दौरान चालक ने जे.सी.बी. से नियंत्रण खो दिया और जे.सी.बी. से बस से टक्कर मार दी। टक्कर के दौरान बस में बैठी सभी सवारियां सड़क पर उतर गईं।

बस से टकरा कर सड़क पर पलट गई जे.सी.बी.

हुआ यह कि जे.सी.बी. पहले बस से टकराई और बाद में सड़क पर पलट गई, ऐसे में दोनों तरफ से वाहनों के पहिए एकदम से जाम हो गए। जे.सी.बी. काफी देर तक सड़क पर पड़ी रही। लोगों ने जब ट्रैफिक पुलिस को मामले की सूचना दी तो उसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जे.सी.बी. को हटवाया। टक्कर के दौरान लोगों को चोटें तो नहीं आईं लेकिन जाम से काफी परेशानी हुई। जाम के चलते लोगों का मिनटों का सफर घंटों में तय हुआ। जाम को बहाल करने में लोगों के भी पसीने छूट गए।

क्या बोले डी.एस.पी. हैडक्वार्टर शिमला

डी.एस.पी. हैडक्वार्टर, शिमला प्रमोद शुक्ला ने बताया कि कनलोग के पास बस और जे.सी.बी. की टक्कर हुई थी। किसी को भी चोटें नहीं आई हैं। सभी सवारियां सुरक्षित बच गई हैं। कुछ समय के लिए जाम लग गया था, बाद में ट्रैफिक सुचारू रूप से चलता रहा।

Vijay