Weather Update : हिमाचल में चलेंगी ठंडी हवाएं, मौसम विभाग ने जारी किया 3 दिन का अलर्ट

Sunday, Jan 01, 2023 - 11:03 PM (IST)

शिमला (राजेश): हिमाचल में आने वाले 3 दिन मौसम विभाग ने कोल्ड वेव यानी ठंडी हवाओं के चलने का अलर्ट जारी किया है। वहीं मौसम विभाग ने 5 जिलों में 4 जनवरी तक कोहरे का यैलो अलर्ट भी जारी किया है। ऊना, कांगड़ा, हमीरपुर, बिलासपुर और मंडी जिले में सुबह के समय कोहरा छाने की संभावना है। कोहरे के कारण जहां विजिबिलिटी कम रहेगी तो वहीं पूरे प्रदेश में शीतलहर चलने की संभावना भी जताई गई है। विजिबिलिटी कम होने के कारण वाहन चालकों को सावधानी से वाहन चलाने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश में 5 जनवरी तक दिन के समय मौसम साफ रहेगा। 

केलांग में -9.6 डिग्री तापमान
प्रदेश की ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बीते दिनों हुई बर्फबारी के बाद प्रदेश में ठंड का प्रकोप जारी है। पहाड़ों में जहां बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट आ गई है, वहीं निचले क्षेत्रों में कोहरे के कारण तापमान में गिरावट चल रही है। तापमान में गिरावट के कारण लोगों को कड़ाके की ठंड का का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश में सबसे कम तापमान लाहौल-स्पीति जिले के केलांग में दर्ज किया गया है। यहां का न्यूनतम तापमान -9.6 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया है। केलांग के बाद कुकुमसेरी में सबसे कम तापमान है। यहां का न्यूनतम तापमान -8.1 डिग्री सैल्सियस है। इसके अलावा किन्नौर जिले के कल्पा में न्यूनतम तापमान -3.5 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया है। मनाली में न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया है। शिमला के नारकंडा में न्यूनतम तापमान -0.1 डिग्री सैल्सियस है। शिमला में 3.1, सुंदरनगर में 2.1, धर्मशाला में 6.4, ऊना में 3.6, कांगड़ा में 5.1, हमीरपुर में 3.2 और बिलासपुर में 5.0 डिग्री सैल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay