हिमाचल में फिर लौटी ठंड, रोहतांग में 3 इंच ताजा हिमपात

Thursday, May 02, 2019 - 10:20 PM (IST)

शिमला: हिमाचल में एक बार फिर ठंड लौट आई है। वीरवार को जहां प्रदेश के मैदानी इलाकों में जमकर बारिश हुई और आंधी चली, वहीं मई माह में रोहतांग में 3 इंच तक ताजा हिमपात हुआ। प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में किन्नौर, लाहौल-स्पीति, रोहतांग व गुलाबा में हल्की बर्फबारी और प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में बारिश व ओलावृष्टि होने से अधिकतम तापमान में भारी गिरावट आई है। मौसम के खराब होने के चलते दूसरे दिन शिमला, पूह, खदराला, रामपुर, कल्पा, रेणुका, संगड़ाह, कुफरी, सराहन, मशोबरा, पांवटा, मनाली व रोहड़ू में बारिश हुई।

ऊना में 6 डिग्री गिरा तापमान

पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी होने से प्रदेश के  अधिकतम तापमान में भारी गिरावट आई है। प्रदेश के सभी जिलों में अधिकतम तापमान 4 से 5 डिग्री तक गिरा है। वहीं ऊना का अधिकतम तापमान सीधे 6 डिग्री नीचे गिरा है। मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन शर्मा ने बताया कि प्रदेश में आगामी 2 दिन और मौसम खराब रहेगा। 5 मई के बाद प्रदेश में मौसम पूरी तरह साफ रहेगा और धूप भी अच्छी खिलेगी।

अधिकतम तापमान पर एक नजर

शिमला में अधिकतम तापमान 22.7 डिग्री दर्ज किया गया। इसी तरह सुंदरनगर में 31.6, भुंतर में 28.8, क ल्पा 14.7, धर्मशाला 24.2, ऊना 34.0, नाहन 34.9, केलांग 6.4, सोलन 29.0, बिलासपुर 36.4, हमीरपुर 36.2, चम्बा 29.7, डल्हौजी 19.2 और कुफरी में अधिकतम तापमान 15.9 डिग्री दर्ज किया गया।

Vijay