आचार संहिता हटते ही प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी में जुटी जयराम सरकार

Sunday, May 26, 2019 - 09:17 AM (IST)

शिमला (कुलदीप): प्रदेश सरकार प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी में जुट गई है। इसके तहत तबदील किए जाने वाले प्रशासनिक अधिकारियों की सूची को अंतिम रूप दे दिया गया है। इन अधिकारियों को आदर्श चुनाव आचार संहिता हटने के बाद कभी भी तबदील किया जा सकता है। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस बारे उच्चाधिकारियों से चर्चा भी की है, जिसमें प्रशासनिक फेरबदल को लेकर सलाह-मशविरा किया गया है। इस तरह प्रशासनिक व्यवस्था पटरी पर आ गई है। 

चुनाव ड्यूटी पर गए प्रदेश के प्रशासनिक अधिकारियों के लौटने का क्रम भी आगामी सोमवार से शुरू हो जाएगा। मौजूदा समय में प्रदेश से 75 प्रशासनिक अधिकारी चुनाव ड्यूटी पर गए हैं, जिनका दायित्व इस समय 48 अन्य अधिकारी संभाल रहे हैं। मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक कामकाज को लेकर भी मंत्रणा की है, जिसमें सरकारी योजनाओं को लेकर चर्चा हुई है। आने वाले दिनों में उच्च स्तर पर फिर से अधिकारियों की बैठक होगी, जिसमें सरकारी योजनाओं की समीक्षा की जाएगी तथा बजट की घोषणाओं को सिरे चढ़ाने की दिशा में कार्य शुरू होगा। इसके बाद जून माह के पहले रविवार को जनमंच का आयोजन होगा, जिसमें प्रदेश के मंत्री विधानसभा क्षेत्रों में जाकर लोगों की समस्याओं का निवारण करेंगे।
 

Ekta