CM सुखविंदर सिंह ने बालिका आश्रम टूटीकंडी में मनाया 59वां जन्मदिन, ओकओवर में काटा 59 पौंड का केक

Sunday, Mar 26, 2023 - 08:00 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने बालिका आश्रम टूटीकंडी शिमला में बालिकाओं के साथ अपना 59वां जन्मदिवस मनाया और उन्हें मिठाइयां बांटी। इस अवसर पर केक भी काटा गया तथा बालिकाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया। सीएम इस अवसर कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य के 6 हजार अनाथ बच्चों के लिए मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना आरम्भ की है तथा विशेष रुप से सक्षम बच्चों के लिए भी एक योजना तैयार की जा रही है, जिसे शीघ्र ही आरम्भ किया जाएगा। यह योजना ऐसे बच्चों की क्षमता विकास तथा उनकी आकांक्षाओं को पूर्ण कर आजीविका अर्जित करने के उद्देश्य से बनाई जा रही है। मुख्यमंत्री आवास ओकओवर पर भी प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक, अधिकारी, कर्मचारी, निगम-बोर्ड के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष एवं विभिन्न वर्गों के लोग बधाई देने पहुंचे। ओकओवर में इस दौरान 59 पौंड का केक काटा गया तथा नेताओं व कार्यकर्ताओं पहाड़ी वाद्य यंत्रों की धुनों पर नाटी भी डाली। मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी एवं हिमाचल प्रदेश राज्य रेडक्रॉस अस्पताल कल्याण अनुभाग की अध्यक्ष कमलेश ठाकुर भी इस अवसर पर उपस्थित थी।

रिज मैदान पर लगा रक्तदान शिविर 
मुख्यमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर रिज मैदान पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसके अलावा गेयटी थियेटर में सिनर्जिस्टिक यूथ एंड कल्चरल ऑर्गनाइजेशन की तरफ से आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी मुख्यमंत्री शामिल हुए। उन्होंने इस अवसर कहा कि हिमाचल प्रदेश का भविष्य उच्च्वल है तथा राज्य देश में मॉडल राज्य के रूप में उभर रहा है। 

मादक पदार्थों का दुरुपयोग रोकने के लिए बनेगा सख्त कानून
सीएम ने गेयटी थियेटर में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि सरकार मादक पदार्थों के दुरुपयोग को रोकने के लिए सख्त कानून बनाने जा रही है। प्रदेश में शिक्षा क्षेत्र को और सुदृढ़ करने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं।

सचिवालय में खिलाड़ियों को किया सम्मानित
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने देहरादून में आयोजित अखिल भारतीय प्रशासनिक सेवाएं कबड्डी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाली हिमाचल प्रदेश सचिवालय सेवाएं खेल नियंत्रण बोर्ड की टीम को सम्मानित किया। उन्होंने विजेता टीम को 1 लाख रुपए प्रदान करने की घोषणा भी की। इससे पहले छोटा शिमला में सचिवालय कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी। उसके बाद मुख्यमंत्री ने सचिवालय कर्मचारियों के साथ छोटा शिमला से ओकओवर तक अवेयरनेस वॉक की।

नेता प्रतिपक्ष जयराम के विधानसभा क्षेत्र से बधाई देने पहुंचे लोग
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह को उनके जन्मदिन पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के विधानसभा क्षेत्र से लोग बधाई देने पहुंचे। वहां से आए कार्यकर्ताओं ने ओकओवर में नाटी डाली और उनको जन्मदिन की बधाई दी।

सोनिया गांधी, राज्यपाल, विधानसभा अध्यक्ष व उपमुख्यमंत्री ने दी बधाई
वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने ट्वीट के माध्यम से मुख्यमंत्री को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल तथा उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने दूरभाष पर उन्हें जन्मदिवस की बधाई दी। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने ओकओवर जाकर मुख्यमंत्री को बधाई दी। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay