Himachal: सीएम सुक्खू ने साधा निशाना, बोले-जेपी नड्डा डाॅक्टर हैं तो पूर्व की जयराम सरकार की आंखें ठीक करते

punjabkesari.in Saturday, Mar 08, 2025 - 10:44 PM (IST)

शाहपुर (धर्मशाला) (जिनेश): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर बड़ा हमला बोला है। कांगड़ा के चंबी में शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि जेपी नड्डा कहते हैं कि वे ऐसे डॉक्टर हैं, आंखें तो ठीक कर सकते हैं, पर रोशनी नहीं दे सकते हैं तो अच्छा तो यह होता कि नड्डा पूर्व जयराम ठाकुर सरकार की आंखों को ठीक करते। सीएम ने कहा कि नड्डा कैसे डाक्टर हैं? पूर्व की जयराम सरकार को रोशनी देकर जाते और प्रदेश की संपदा को लुटने से बचा सकते थे। मुख्यमंत्री ने कहा आने वाले समय में हम एक-एक पन्ना जनता की अदालत में लेकर जाएंगे और बताएंगे कि किस प्रकार जनता की संपदा, किसानों और महिलाओं के अधिकारों को पिछली सरकार ने लुटाकर रख दिया है। 

प्रदेश सरकार के पैसे को रोक कर बैठी है केंद्र सरकार
सुक्खू ने कहा कि केंद्र सरकार प्रदेश सरकार के पैसे को रोक कर बैठी है। उन्होंने कहा कि यह जनता का पैसा है तथा हम संघीय डांचे में रहते हैं तथा केंद्र सरकार पैसे को रोक नहीं सकती। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में अपने हक की लड़ाई सड़कों पर लड़ेंगे। सुक्खू ने कहा कि आपदा में जो पैसा प्रदेश को मिलना चाहिए था, वो आज तक नहीं मिला है। सुक्खू ने कहा कि आज भी हम अपने पैर पर खड़े हैं। उन्होंने कहा कि सारे चोर दरवाजे बंद किए हैं, जिसके चलते 2600 करोड़ का राजस्व अर्जित किया है। पूर्व की सरकार ने राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए 1000 संस्थान तो खोल दिए, मगर टीचर नहीं रखे। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार में हिमाचल शिक्षा के क्षेत्र में 21वें पायदान पर पहुंच गया था। उनकी सरकार ने गुणात्मक शिक्षा पर ध्यान दिया और देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। उन्होंने कहा कांग्रेस सरकार के प्रयासों से हिमाचल आत्मनिर्भर बन रहा है। आर्थिक संकट कम हो रहा है और हिमाचल जल्द देश का सबसे समृद्धशाली राज्य बनेगा।

महिलाओं से किया 1500 रुपए का वायदा जल्द होगा पूरा
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में हम महिलाओं को 1500 रुपए की गारंटी को पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने कई महिलाओं को एक साल में 18 हजार रुपए देने शुरू कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्त्ताओं का मानदेय बिना किसी राजनीति से सरकार ने बढ़ाया है।

अगला बजट गांव के लिए
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगला बजट गांव के लोगों के लिए होगा। ताकि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, महिलाओं और युवाओं को सशक्त बनाया जा सके। उन्होंने कहा प्रदेश को कोई आर्थिक तंगी नहीं है। जो भी तंगी है अगले वर्ष तक रहेगी 2026 तक सब ठीक हो जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस सरकार महिलाओं के आरक्षण के पक्ष में है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News