Himachal: सीएम सुक्खू बोले-12वीं कक्षा के बाद सीधे बीएड कोर्स शुरू करने पर विचार कर रही सरकार
punjabkesari.in Thursday, Mar 06, 2025 - 10:13 PM (IST)

शिमला (अम्बादत): मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार 12वीं कक्षा के बाद सीधे बीएड कोर्स शुरू करने पर विचार कर रही है। यह बात मुख्यमंत्री ने सेंट बीड्स काॅलेज शिमला के वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने छात्रों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि सरकार ने युवाओं को कौशलयुक्त बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटैलीजैंस और डाटा स्टोरेज जैसे नए पाठ्यक्रम शुरू किए हैं। उन्होंने काॅलेज के मेधावी छात्रों के लिए 5 लाख रुपए देने की घोषणा की और कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश लड़कियों की शादी की न्यूनतम आयु 21 वर्ष करने वाला देश का पहला राज्य है। इससे पूर्व कालेज की प्रधानाचार्य सिस्टर मौली इब्राहिम ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और कालेज की वार्षिक रिपोर्ट का ब्यौरा दिया। इस अवसर पर काॅलेज के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया, वहीं विधायक हरीश जनार्था और संजय अवस्थी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
नशे के खिलाफ शुरू किया है अभियान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य में नशे के खिलाफ अभियान शुरू किया है और इस सामाजिक बुराई को जड़ से खत्म करने के लिए कड़े कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को इस सामाजिक बुराई से बचाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है और राज्य में युवाओं के लिए खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार की नीतियों के कारण हिमाचल प्रदेश देश में गुणात्मक शिक्षा के क्षेत्र में फिसल कर 21वें स्थान पर पहुंच गया है जबकि वर्तमान प्रदेश सरकार शिक्षा क्षेत्र में गुणात्मक सुधार कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में चरणवद्ध तरीके से राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल स्थापित कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चिकित्सा महाविद्यालयों और अस्पतालों में अत्याधुनिक और स्टेट ऑफ आर्ट मशीनरी स्थापित करने के लिए 1800 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं।
40 वर्ष पूर्व सेंट बीड्स कॉलेज में वाद-विवाद प्रतियोगिता में लिया भाग
मुख्यमंत्री ने कहा कि 40 वर्ष उन्होंने पूर्व सेंट बीड्स कॉलेज में वाद-विवाद प्रतियोगिता में भाग लिया था। इस शैक्षणिक संस्थान ने अपनी प्रतिष्ठा को बनाए रखा है। उन्होंने बताया कि 17 वर्ष पूर्व राजकीय महाविद्यालय संजौली से कक्षा प्रतिनिधि के रूप में नियुक्त हो कर उनका राजनीतिक जीवन शुरू हुआ था। इस अनुभव से फिर वह नगर पार्षद और उसके उपरान्त विधायक के रूप में चुने गए।
जलवायु परिवर्तन वर्तमान युग की सबसे बड़ी चुनौती
मुख्यमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन वर्तमान युग की सबसे बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने 2023 के दौरान भीषण प्राकृतिक आपदाओं का सामना किया, जिससे प्रदेश के लगभग 23 हजार परिवार प्रभावित हुए। उन्होंने राज्य की समृद्ध संस्कृति और प्राकृतिक धरोहर को संरक्षित करने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल को हरित ऊर्जा बनाने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रहा है और इस दिशा में हरसंभव प्रयास सुनिश्चित किए जा रहे हैं।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here