युवाओं को आर्टिफिशियल इंटैलीजैंस के जरिए आधुनिक शिक्षा देगी सरकार : सुक्खू

punjabkesari.in Sunday, Mar 05, 2023 - 11:08 PM (IST)

शिमला/चंडीगढ़ (ब्यूरो): हिमाचल की समृद्ध संस्कृति को देश-विदेश तक पहुंचाने के लिए प्रदेश के युवा दूत के रूप में कार्य करें ताकि विश्व पहाड़ी प्रदेश की विशिष्टता को आत्मसात कर सके। रविवार को पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ में हिमाचल स्टूडैंट्स यूनियन द्वारा आयोजित वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम हिमाचल एक झलक में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने युवाओं से ये आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल की संस्कृति, सरल रहन-सहन, सुंदर पहनावा और पौष्टिक आहार देश-विदेश के पर्यटकों को आकॢषत करते हैं, ऐसे में युवाओं को न केवल इस विशेषता को जीवंत रखना होगा अपितु लोगों को इससे रू-ब-रू भी करवाना होगा। 

विधानसभा क्षेत्रों में राजीव गांधी डे बोर्डिंग विद्यालय आरंभ करेगी सरकार
सीएम सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे युवाओं को इस सत्र से ही आर्टिफिशियल इंटैलीजैंस के माध्यम से आधुनिक प्रौद्योगिकी आधारित शिक्षा प्रदान करेगी। इससे युवा तकनीकी रूप से सशक्त होकर वैश्विक स्तर पर बेहतर रोजगार प्राप्त कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बच्चों को बेहतर शिक्षा प्रदान करने के लिए सभी विधानसभा क्षेत्रों में चरणबद्ध आधार पर राजीव गांधी डे बोर्डिंग विद्यालय आरंभ करेगी।

एक लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ें 
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर अपने छात्र और राजनीतिक जीवन की स्मृतियां सभी से सांझा की। उन्होंने छात्रों का आह्वान किया कि जीवन में एक लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ें और लक्ष्य प्राप्ति के उपरांत समाज की भलाई में अपना योगदान दें। उन्होंने इस अवसर पर हिमाचल स्टूडैंट यूनियन के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्रों को 3 लाख रुपए प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने यूनियन की पत्रिका का विमोचन भी किया। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, सीपीएस राम कुमार चौधरी, सेवानिवृत्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति धर्म चंद चौधरी, विधायक विनोद सुल्तानपुरी, पूर्व विधायक सोहन लाल ठाकुर, प्रदेश सेवादल के अध्यक्ष अनुराग शर्मा आदि कार्यक्रम में उपस्थित थे।

राज्य में 3 वर्षों में इलैक्ट्रिक बसों का संचालन होगा शुरू
सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार भावी पीढ़ियों को एक समृद्ध और सुरक्षित हिमाचल प्रदान करना चाहती है। इस उद्देश्य की प्राप्ति के लिए प्रदेश में हरित ऊर्जा को बढ़ावा दिया जा रहा है और वर्ष 2025 तक हिमाचल देश का प्रथम हरित ऊर्जा राज्य बनेगा। उन्होंने कहा कि अगले 3 वर्षों में प्रदेश में पूर्ण रूप से इलैक्ट्रिक बसों का संचालन आरंभ कर दिया जाएगा।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News