26 जनवरी से हाथ से हाथ जोड़ो अभियान शुरू करेगी कांग्रेस : सुक्खू

Thursday, Jan 19, 2023 - 07:02 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी 26 जनवरी से हाथ से हाथ जोड़ो अभियान शुरू करेगी। इस अभियान को प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में चलाया जाएगा, जिसके माध्यम से पार्टी जनता से मतदान केंद्र तक संवाद करेगी। मुख्यमंत्री शिमला पहुंचने पर प्रदेश सचिवालय में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। इस अभियान का उद्देश्य देश से नफरत, हिंसा और भय को दूर करना होगा, साथ ही इस दौरान पार्टी जनता से सीधा संवाद करेगी। उन्होंने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को सफल बताया। उन्होंने कहा कि इस यात्रा ने देश की जनता का दिल जीता है। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा को देश में जबरदस्त समर्थन मिला है।

भारत जोड़ो यात्रा से लौटे नेता
हिमाचल प्रदेश से गुजरी राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित उनके मंत्रिमंडल सहयोगी और पार्टी पदाधिकारी अपने क्षेत्रों में लौट आए हैं। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि वह खुद राहुल गांधी के साथ 25 किलोमीटर पैदल चले हैं।

बर्फबारी से निपटने के लिए सरकार तैयार
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार बर्फबारी से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है। इसके लिए बर्फबारी से प्रभावित जिलों के अधिकारियों को स्थिति से निपटने के लिए उचित दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि स्थानीय जनता के साथ बाहर से आने वाले सैलानियों को किसी तरह की परेशानी न हो।

जेपी नड्डा का कार्यकाल बढ़ाए जाने पर दी बधाई 
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक प्रश्न के उत्तर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के कार्यकाल को बढ़ाए जाने के लिए बधाई दी है। उन्होंने कहा कि नड्डा का संबंध हिमाचल प्रदेश से है और वह उनको शुभकामनाएं देते हैं।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay