युवाओं को रोजगार देने के लिए पारदर्शी और निष्पक्ष अवसर सुनिश्चित करेगी सरकार : सुक्खू

Saturday, Jan 14, 2023 - 11:10 PM (IST)

मंडी/शिमला (रजनीश/ब्यूरो): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि कांग्रेस सरकार प्रदेश के लोगों को सस्ता सीमैंट देने की दिशा में आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि यह हैरानी की बात है कि प्रदेश में बनने वाला सीमैंट दूसरे राज्यों में सस्ता और अपने राज्य में महंगा मिले। उन्होंने इस बात पर भी हैरानी जताई कि जिस रेल को भानुपल्ली तक लाने के लिए प्रदेश सरकार 1300 करोड़ रुपए दे रही है, उसकी एवज में प्रदेश को कुछ नहीं मिलेगा। सुखविंदर सिंह सुक्खू मंडी जिले के करसोग क्षेत्र के तत्तापानी में जिला स्तरीय मकर संक्रांति मेले के अवसर पर संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जरूरतमंद बच्चों विशेषकर अनाथ, निराश्रित महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों का कल्याण सुनिश्चित करने के लिए संकल्पबद्ध है। सरकार ने बाल देखभाल संस्थानों, नारी सेवा सदनों, शक्ति सदनों और वृद्धाश्रमों के आवासियों को त्यौहार मनाने के लिए 500 रुपए का उत्सव अनुदान प्रदान करने का निर्णय लिया है। सरकार ने 101 करोड़ रुपए की धनराशि से मुख्यमंत्री सुखाश्रय सहायता कोष स्थापित करने का निर्णय लिया है ताकि जरूरतमंद बच्चों और निराश्रित महिलाओं को उच्च शिक्षा की सुविधा प्रदान की जा सके। सुक्खू ने कहा कि उन्होंने इस कोष में अपना एक माह का वेतन प्रदान किया है और कांग्रेस के अन्य विधायकों ने भी अपना एक माह का वेतन देने पर सहमति व्यक्त की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान पेपर लीक घोटाला चरम पर था। कांग्रेस ने सत्ता में आते ही कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर में चल रहे पेपर लीक घोटाले का पर्दाफाश किया और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया। सरकार ने तत्काल प्रभाव से आयोग के कामकाज को निलंबित कर दिया है। मुख्यमंत्री ने युवाओं को आश्वस्त किया कि सरकार उन्हें रोजगार प्रदान करने के लिए पारदर्शी और निष्पक्ष अवसर सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पशुपालकों से प्रतिदिन 10 लीटर गाय का दूध 80 रुपए प्रति लीटर की दर से और भैंस का दूध 100 रुपए प्रति लीटर की दर से खरीदेगी। इस दूध को सरकार बाजार में 60 रुपए प्रति लीटर बेचेगी, जिससे प्रत्येक पशुपालक को 24000 रुपए प्रतिमाह का लाभ होगा। इसी तह पशुओं से मिलने वाले गोबर का प्रयोग प्राकृतिक खेती के लिए किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री का मंडी जिले के एनपीएस कर्मचारियों ने ओपीएस बहाल करने पर अभिनंदन भी किया। मु

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला जिले के बसंतपुर स्थित वृद्धाश्रम का दौरा भी किया। उन्होंने इस अवसर पर वृद्धाश्रम व अनाथाश्रम में रह रहे आवासियों, निराश्रित महिलाओं एवं मूकबधिर बच्चों इत्यादि के लिए 10000 रुपए प्रति आवासी प्रति वर्ष वस्त्र अनुदान प्रदान करने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि गर्मी एवं सर्दियों के वस्त्रों के लिए 5-5 हजार रुपए की राशि प्रदान की जाएगी।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay