1 जिले से 3 मंत्री बनाए जाने की कोई बात नहीं, मैरिट के आधार पर दिया स्थान : सुक्खू

Sunday, Jan 08, 2023 - 07:10 PM (IST)

शिमला (राक्टा): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने कहा कि कैबिनेट का विस्तार करते हुए ईमानदार और स्वच्छ छवि के लोगों को आगे लाने का काम किया गया है। रविवार को शिमला में शपथ ग्रहण समारोह के बाद मुख्यमंत्री ने मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि इस बात की खुशी है कि मंत्रिमंडल में 5 चेहरे ऐसे हैं, जो पहली बार मंत्री बने हैं। कैबिनेट में पढ़े-लिखे युवा चेहरों को स्थान दिया गया है। एक सवाल के जवाब में सीएम ने कहा कि 1 जिले से 3 मंत्री बनाए जाने की कोई बात नहीं है, ये बात मैरिट की है। जहां मैरिट होती है, वहां पर कुछ की उपेक्षा भी करनी पड़ती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले मंत्रिमंडल विस्तार में वरिष्ठ नेताओं को अधिमान दिया गया है। इसी तरह सीपीएस भी बनाए गए हैं। 

मैं भी कांगड़ा से ही हूं
कांगड़ा जिले से 1 ही मंत्री बनाए जाने को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि कांगड़ा से 2 सीपीएस भी बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि मैं भी कांगड़ा से ही हूं। अभी कैबिनेट का विस्तार होना है, निश्चिततौर पर कांगड़ा को उचित प्रतिनिधित्व मिलेगा तथा सभी जिलों को पूरा अधिमान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार में अभी अन्य पदों पर भी नियुक्तियां होनी हैं। मंत्रियों के केवल 10 पद हैं जबकि सभी विधायक जनता की सेवा करना चाहते हैं। सभी मंत्री पूरी ईमानदारी से जनता की सेवा करें और आज का काम आज करें। सीएम सुक्खू ने कहा कि सभी एक टीम की तरह मजबूती के साथ प्रदेश के विकास में अहम भूमिका निभाएं। 

जल्द होगी कैबिनेट की बैठक, ओपीएस करेंगे बहाल
एक अन्य सवाल के जवाब में सीएम ने कहा कि जल्द ही कैबिनेट की बैठक होगी और पहली कैबिनेट में पुरानी पैंशन योजना को बहाल कर दिया जाएगा, साथ ही महिलाओं को चरणबद्ध तरीके से 1500 रुपए देने का वायदा भी पूरा किया जाएगा। 

भाजपा चिंता न करे, बन गई कैबिनेट : अग्निहोत्री
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार को कब क्या करना है, क्या नहीं करना है, इसकी भाजपा को चिंता करने की जरूरत नहीं है। भाजपा के जो नेता पूछे रहे थे कि कब कैबिनेट का विस्तार होगा तो उन्हें बता दें कि मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया है। 2-4 दिनों में मंत्रिमंडल की बैठक होगी। कांगड़ा से एक मंत्री बनाए जाने को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल में 3 पद अभी रिक्त हैं। इसके साथ ही अन्य पदों पर नियुक्तियां होनी हैं। यह मुख्यमंत्री का क्षेत्राधिकार है। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay