सीएम सुखविंदर सिंह चंडीगढ़ रवाना, G-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने कल जाएंगे दिल्ली

punjabkesari.in Friday, Sep 08, 2023 - 07:08 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह शुक्रवार सायं चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए। वह रात्रि को हिमाचल भवन में विश्राम करेंगे तथा शनिवार को चंडीगढ़ से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री शाम 8 बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की तरफ से देश-विदेश से आए अतिथियों को भारत मंडपम में दिए जाने वाले रात्रि भोज में शामिल होंगे। इसके लिए सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को विशेष तौर पर न्यौता भेजा गया है। इस सम्मेलन में अमरीकी राष्ट्रपति जो बाइडेन सहित अन्य देशों के राष्ट्राध्यक्ष एवं प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। रात्रि भोज के दौरान मुख्यमंत्री विदेशी मेहमानों से मुलाकात करेंगे तथा उनसे प्रदेश हित से जुड़े विषयों पर अनौपचारिक चर्चा कर सकते हैं। 

हिमाचली उत्पादों को लेकर लगे स्टॉल का कर सकते हैं दौरा
सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री देश के विभिन्न राज्यों के उत्पादों को लेकर लगाई गई प्रदर्शनी को देखने भी जा सकते हैं। इसमें देश के अन्य राज्यों के अलावा हिमाचल प्रदेश के उत्पादों को लेकर भी स्टॉल लगाया गया है, जिसका मुख्यमंत्री अवलोकन कर सकते हैं। इसमें हिमाचल प्रदेश के हैंडलूम व हैंडीक्राफ्ट, कुल्लवी शॉल व टोपी सहित राज्य की संस्कृति को दर्शाते अन्य उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। उनके 10 सितम्बर शाम तक वापस शिमला पहुंचने की संभावना है।

जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेना गर्व की बात : नरेश चौहान
मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री का जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि इसमें विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्ष और प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री 9 और 10 सितम्बर को दिल्ली में होंगे।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News