कर्नाटक विधानसभा के चुनाव परिणाम तय करेंगे केंद्र में सत्ता वापसी की दिशा : सुखविंदर सिंह

Friday, May 19, 2023 - 07:15 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के बाद कर्नाटक विधानसभा के चुनाव परिणाम केंद्र में कांग्रेस के सत्ता वापसी की दिशा तय करेंगे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में किस तरह की परिस्थितियां बनती हैं, यह आने वाला समय बताएगा। हालांकि यह स्पष्ट है कि जनता ने इस दिशा में बढ़ने के लिए रास्ता तैयार कर दिया है। सुखविंदर सिंह सुक्खू शिमला से कर्नाटक के लिए रवाना होने से पहले पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। वह कर्नाटक में सिद्धारमैया के नेतृत्व में बनने वाली सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार आगामी समय में कर्नाटक सरकार से आईटी के क्षेत्र में मदद लेगी। उन्होंने कहा कि कर्नाटक दक्षिण का बहुत बड़ा राज्य है, जहां पर काफी अरसे के बाद कांग्रेस की सरकार बनी है। 

5 माह में सुप्रीम कोर्ट में बड़े मामले सुलझाए
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने 5 माह में सुप्रीम कोर्ट में बड़े मामले सुलझाए हैं। इसमें एफसीए क्लीयरैंस से संबंधित मामलों में राहत मिल पाई है। शिमला डिवैल्पमैंट प्लान के संबंध में भी सरकार ने हाईकोर्ट में अपने पक्ष की प्रभावी तरीके से पैरवी की है। उन्होंने कहा कि अब खैर कटान की अनुमति मिलना राहत भरी खबर है। इसके बाद एनजीटी से जुड़े मामले को सुलझाने की दिशा में भी सरकार आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का ध्यान गवर्नैंस की तरफ है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कानूनी दावपेंच में फंसे अन्य मामलों को भी राज्य सरकार सुलझाने का प्रयास करेगी।

मुख्यमंत्री से मिले विभिन्न प्रतिनिधिमंडल
कर्नाटक रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री ने विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात की। इसके तहत हिमाचल प्रदेश कार्पोरेट क्षेत्र के सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी के नेतृत्व में मुलाकात की तथा पैंशन से जुड़े मामलों को लेकर चर्चा की। इसके अलावा मुख्यमंत्री से जिला परिषद कर्मचारी महासंघ और पंचायती राज विभाग के प्रतिनिधिमंडल ने भेंट की।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay