अगले 10 वर्षों में देश का सबसे समृद्ध राज्य बनेगा हिमाचल : सुखविंदर सिंह

Friday, May 12, 2023 - 06:15 PM (IST)

हिम डाटा पोर्टल का किया शुभारंभ
शिमला (हैडली):
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने कहा कि आगामी 10 वर्षों में हिमाचल को देश का समृद्ध राज्य बनाया जाएगा। इस दिशा में देश के प्रतिष्ठित संस्थानों का सहयोग हिमाचल प्रदेश के नीति निर्धारण में सहायक रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के प्रयास शीघ्र ही सकारात्मक परिवर्तन के रूप में सामने आएंगे। मुख्यमंत्री पंजाब के मोहाली स्थित इंडियन स्कूल ऑफ बिजनैस में गवर्नैंस एंड टैक्नोलॉजी विषय पर इंडियन स्कूल ऑफ बिजनैस के भारती इंस्टीच्यूट ऑफ पब्लिक पॉलिसी की तरफ से आयोजित एकदिवसीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। 

जुलाई, 2023 से शुरू होगी हिम परिवार परियोजना 
सीएम ने कहा कि जुलाई, 2023 से हिमाचल प्रदेश सरकार हिम परिवार परियोजना आरंभ करेगी। इस परियोजना के तहत प्रदेश के परिवारों को एक विशिष्ट पहचान प्रदान की जाएगी। उन्होंने इस अवसर पर हिम डाटा पोर्टल का शुभारंभ भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिम परिवार परियोजना के माध्यम से विशिष्ट पहचान वाले परिवार के राशन कार्ड, परिवार रजिस्टर, विद्युत और पेयजल जैसी आवश्यक सुविधाओं की जानकारी एक क्लिक पर उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि हिम परियोजनाओं से जुड़े लोगों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सुगमता से मिलेगी और इस तरह लक्षित वर्गों तक योजनाओं के लाभ शीघ्र पहुंचेंगे। 

हिमाचल डाटा पोर्टल को और लाभदायक एवं उपयोगी बनाने में सहयो करेगा इंडियन स्कूल ऑफ बिजनैस
सीएम ने कहा कि नॉलेज पार्टनर के रूप में इंडियन स्कूल ऑफ बिजनैस हिमाचल डाटा पोर्टल को और लाभदायक एवं उपयोगी बनाने में सहयोग करेगा ताकि प्रदेश के 72 लाख लोगों के जीवन में आशातीत परिवर्तन लाया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार तथा इंडियन स्कूल ऑफ बिजनैस शिक्षा, सूचना प्रौद्योगिकी, वन तथा शासन के क्षेत्रों में मिलकर कार्य करेंगे। उन्होंने इंडियन स्कूल ऑफ बिजनैस को हिमाचल में नीति अनुसंधान केंद्र स्थापित करने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने इससे पहले पौधा रोपा और परिसर का दौरा करके जानकारी प्राप्त की।

हिमाचल के विकास को नई ऊंचाई प्रदान करेगा सीएम का व्यापक राजनीतिक अनुभव : आरएस बाली
हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड के अध्यक्ष रघुबीर सिंह बाली ने कहा कि हिमाचल के मुख्यमंत्री का व्यापक राजनीतिक अनुभव हिमाचल के विकास को नई ऊंचाई प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार सूचना प्रौद्योगिकी एवं नवाचार गोकुल बुटेल ने कहा कि 21वीं सदी की सबसे महत्वपूर्ण संपत्ति डाटा एवं सही सूचनाओं का समयबद्ध संकलन है। अभिषेक जैन सचिव सूचना प्रौद्योगिकी हिमाचल प्रदेश ने कहा कि प्रदेश सरकार के विभिन्न प्रयासों से इंडियन स्कूल ऑफ बिजनैस जैसे प्रतिष्ठित संस्थान का जुड़ाव अनेक मायनों में आम जन के लिए लाभप्रद रहेगा। भारती इंस्टीच्यूट ऑफ पब्लिक पॉलिसी के डीन प्रोफैसर मदन पिलुतला, निदेशक प्रोफैसर अश्वनी छेत्रे और नीति निदेशक डाॅ. आरुषि जैन ने इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त किए। 

मोहाली जाने से पहले सुनीं जनसमस्याएं
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने पंजाब के मोहाली रवाना होने से पहले ओक ओवर में जनसमस्याएं सुनीं। उन्होंने इस अवसर पर लोगों की समस्याओं के निवारण के लिए अधिकारियों को उचित निर्देश भी दिए। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay