केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिले सीएम सुक्खू, सड़क परियोजनाओं के लिए मांगा बजट

Wednesday, Feb 08, 2023 - 10:10 PM (IST)

शिमला (भूपिन्द्र): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने केंद्र से राज्य में चल रहीं एनएच व फोरलेन परियोजनाओं पर तेजी से काम करने का आग्रह किया है। इसके तहत प्रदेश की फाेरलेन परियोजनाओं विशेषकर कीरतपुर. मनाली, परवाणु-शिमला, चक्की-मटौर-शिमला, मंडी-पठानकोट, नालागढ़-स्वारघाट, मुबारकपुर-अम्ब-नादौन और पांवटा साहिब-कालाअम्ब राजमार्ग के निर्माण कार्यों को गति प्रदान करने को कहा है ताकि इनका कार्य समयबद्ध पूर्ण हो सके। बुधवार को उन्होंने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से भेंट की तथा फोरलेन व एनएच व अन्य सड़क परियोजनाओं के लिए बजट की मांग की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच प्रदेश से संबंधित विभिन्न मामलों विशेषकर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा कार्यान्वित की जा रहीं फोरलेन परियोजनाओं और अन्य राष्ट्रीय राजमार्गों के बारे में विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान टू-लेन हाईवे को फोरलेन में स्तरोन्नत करने और राष्ट्रीय राजमार्गों में टनल निर्मित करने के संबंध में भी मंथन किया गया। 

फ्लाईओवर व रोपवे निर्माण को लेकर भी किया आग्रह
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में सुचारू यातायात तथा यात्रियों की सुविधा के लिए फ्लाईओवर निर्माण तथा पर्वतमाला परियोजना के अंतर्गत प्रदेश में प्रस्तावित रोपवे के निर्माण का भी आग्रह किया। इसके अतिरिक्त प्रदेश में कार्यान्वित की जा रहीं केंद्र की ओर से वित्तपोषित परियोजनाओं तथा प्रदेश में कार्यान्वित की जा रहीं केंद्र की ओर से वित्तपोषित परियोजनाओं के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने हिमाचल में केंद्र सरकार द्वारा सैद्धांतिक तौर पर हिमाचल के लिए घोषित 69 हाईवे का मामला भी उठाया। इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर, संजय अवस्थी, प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष आर.एस. बाली तथा विधायक केवल सिंह पठानिया मुख्यमंत्री के साथ उपस्थित थे।

राष्ट्रीय राजमार्गों की मुरम्मत को जारी की जाए धनराशि 
मुख्यमंत्री ने राज्य में आगामी पर्यटन सीजन के दृष्टिगत राष्ट्रीय राजमार्गों के मुरम्मत कार्य के लिए धनराशि जारी करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अधिकतर पर्यटक सड़क मार्गों से आते हैं और इसे ध्यान में रखते हुए सड़क मार्गों को और सुदढ़ करने की आवश्यकता है। उन्होंने अंतर्राज्यीय संपर्क सुविधा के उन्नयन पर भी बल दिया और केंद्रीय मंत्री ने इस पर अपनी सैद्धांतिक सहमति प्रदान की।

गडकरी को हिमाचल आने का दिया निमंत्रण
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश के संबंध में उठाए गए विभिन्न मामलों पर केंद्रीय मंत्री द्वारा हरसंभव सहायता और सहयोग के लिए आश्वासन प्रदान किया गया है। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री से पहाड़ी राज्य के प्रति उदारतापूर्ण रवैये के लिए आभार व्यक्त किया और उन्हें हिमाचल आने के लिए आमंत्रित किया।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here 

Content Writer

Vijay