हमीरपुर में 1 हजार करोड़ रुपए से बनेगा कैंसर अस्पताल, CM सुक्खू ने किया बड़ा ऐलान

punjabkesari.in Saturday, Feb 28, 2026 - 02:16 PM (IST)

Hamirpur News: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हमीरपुर मेडिकल कॉलेज परिसर में लगभग 1,000 करोड़ रुपये की लागत से एक अत्याधुनिक कैंसर अस्पताल, नर्सिंग कॉलेज और डेंटल कॉलेज स्थापित करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार शाम हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और प्रस्तावित कैंसर केयर सेंटर स्थल की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना से लोगों को अपने घर के निकट गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।

जाने क्या-क्या मिलेगी सुविधा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों और प्रमुख अस्पतालों में स्वास्थ्य ढांचे को सुद्दढ़ कर रही है। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, नई दिल्ली से प्रेरणा लेते हुए राज्य के स्वास्थ्य संस्थानों में पुरानी मशीनरी और उपकरणों को चरणबद्ध तरीके से विश्वस्तरीय तकनीक और उन्नत चिकित्सा सुविधाओं से बदला जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पूर्वोत्तर राज्यों के बाद हिमाचल प्रदेश में कैंसर के मामलों की संख्या देश में सबसे अधिक में से एक है। ऐसे में हमीरपुर में समर्पित कैंसर अस्पताल की स्थापना से राज्य के भीतर ही सुलभ और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने जानकारी दी कि राज्य सरकार ने हमीरपुर कैंसर अस्पताल के लिए हाल ही में 11 नए विशेषज्ञ विभागों को मंजूरी दी है। इनमें मेडिकल ऑन्कोलॉजी (कैंसर दवाएं), सर्जिकल ऑन्कोलॉजी (कैंसर सर्जरी), पेन मैनेजमेंट एवं सपोटिर्व केयर, न्यूक्लियर मेडिसिन, एनेस्थीसिया एवं क्रिटिकल केयर, पैथोलॉजी, बाल कैंसर उपचार, रेडियोलॉजी एवं इमेजिंग, महिला कैंसर उपचार, स्टेम सेल एवं बोन मैरो प्रत्यारोपण तथा रेडिएशन थेरेपी शामिल हैं।

'अब मरीजों को उन्नत उपचार के लिए नहीं जाना पड़ेगा बाहर'

सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि ये सभी सेवाएं राज्य के भीतर एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से मरीजों को उन्नत उपचार के लिए प्रदेश से बाहर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी। कैंसर के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री ने व्यवस्थित स्क्रीनिंग, रोकथाम, निगरानी, रिकॉडिर्ंग और समय पर निदान की आवश्यकता पर बल दिया। इस दिशा में राज्य सरकार ने डॉ राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज में राज्य कैंसर केन्द्र स्थापित करने को मंजूरी दी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने कार्यभार संभालने के बाद स्वास्थ्य क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, जिससे प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार हुआ है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News