CM जयराम बोले-Green Bonus से हिमाचल की आर्थिकी को मिलेगा बल

Monday, Apr 08, 2019 - 10:58 PM (IST)

शिमला/कुल्लू: हिमालयी राज्यों को वनों के संरक्षण एवं संवर्धन की एवज में ग्रीन बोनस देने की भाजपा के संकल्प पत्र में जो घोषणा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की है उससे हिमाचल प्रदेश की आर्थिकी को बल मिलेगा। यह बात सोमवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रैस को जारी एक बयान में कही। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के पास बेशकीमती वन संपदा है और पर्यावरण संरक्षण में हम हमेशा आगे रहे हैं। हिमाचल की आर्थिकी का आधार वन ही हैं लेकिन लंबे समय से हरे पेड़ों के कटान पर लगे प्रतिबंध से हिमाचल को भारी आर्थिक हानि उठानी पड़ रही है लेकिन अब भाजपा के संकल्प पत्र की उक्त घोषणा से राज्य को काफी आर्थिक लाभ होगा।

किसान क्रैडिट कार्ड पर 5 वर्षों तक बिना ब्याज के ऋण सराहनीय

उन्होंने भाजपा के संकल्प पत्र में किसान क्रैडिट कार्ड पर 1 लाख तक के ऋण को 5 वर्षों तक बिना ब्याज दर देने के निर्णय की सराहना की है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सुविधा के लिए राष्ट्रीय व्यापार आयोग का गठन करने की बात इस वर्ग के लिए वरदान साबित होगी। इसी तरह छोटे दुकानदारों को 60 वर्ष के बाद पैंशन प्रदान करने का निर्णय भी सराहनीय है। उन्होंने कहा कि 6 करोड़ लोगों की राय से तैयार इस संकल्प पत्र में भाजपा ने 130 करोड़ देशवासियों की भावनाओं, आशाओं और अपेक्षाओं को समाहित करने का प्रयास किया है।

कांग्रेस पार्टी देशहित नहीं बल्कि सत्ता हासिल करना चाहती है

इससे पहले कुल्लू में रामा सामुदायिक भवन में भारतीय जनता युवा मोर्चा कुल्लू मंडल के सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देशहित नहीं बल्कि सत्ता हासिल करना चाहती है और इसके लिए कांग्रेस के नेता किसी भी स्तर तक जा सकते हैं। इसके बाद मुख्यमंत्री ने कुल्लू के बंजार विधानसभा क्षेत्र के हुरला में किसान मोर्चा के सम्मेलन को संबोधित किया। इस मौके पर मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, भाजपा प्रत्याशी रामस्वरूप शर्मा, एच.पी.एम.सी. अध्यक्ष राम सिंह व पूर्व सांसद महेश्वर सिंह ने भी कार्यकत्र्ताओं को संबोधित किया।

वायदों से आगे बढ़कर संकल्प : सत्ती

संकल्प पत्र को लेकर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि कांग्रेस झूठी घोषणाओं में विश्वास करती है जबकि भाजपा वायदों से भी आगे बढ़कर कार्य करने का संकल्प ले रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस दोनों के घोषणा पत्र का बारीकी से अध्ययन करने से यह स्पष्ट है कि जहां कांग्रेस का हाथ देशद्रोहियों और अलगाववादियों के साथ है, वहीं भाजपा राष्ट्र भक्तों के साथ खड़ी है।

भाजपा के लिए राष्ट्र सर्वोपरि : गोविंद ठाकुर

वन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र के विपरीत भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में यह दर्शा दिया है कि भाजपा के लिए राष्ट्र सर्वोपरि है और मात्र वोट की राजनीति के लिए देश की एकता व अखंडता के साथ कभी समझौता नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने लंबे-चौड़े वायदे करने के बजाय अपने संकल्प पत्र में 75 संकल्पों को स्थान दिया है।

Vijay