CM जयराम ने साधा निशाना, बोले-कांग्रेस के भ्रष्टाचार की फेहरिस्त लंबी

Sunday, Apr 14, 2019 - 10:10 PM (IST)

शिमला: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार के 5 वर्षों के कार्यकाल में किसी एक भी मंत्री पर भ्रष्टाचार का एक रुपए के दुरुपयोग का भी आरोप नहीं लगा है और यह केंद्र में मोदी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इसके विपरीत कांग्रेस आजादी के समय से ही भ्रष्टाचार में संलिप्त रही है। आजादी के बाद आज तक जब भी कांग्रेस को मौका मिला है, कांग्रेस ने जमकर भ्रष्टाचार किया है। मुख्यमंत्री ने यहां जारी बयान में कहा है कि आजाद भारत की पहली सरकार के जीप घोटाले से लेकर वर्तमान में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ तक कांग्रेस का इतिहास भ्रष्टाचार से भरा पड़ा है।

तुगलक रोड चुनावी घोटाले में लूटा गरीबों का धन

मुख्यमंत्री ने तुगलक रोड चुनावी घोटाले का आरोप लगाते हुए कहा कि इसमें गरीबों का धन लूटा गया है। मध्य प्रदेश के सी.एम. कमलनाथ का बतौर सांसद निवास स्थान नई दिल्ली का एक तुगलक रोड है जबकि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का बतौर सांसद आवास दिल्ली में 12 तुगलक लेन है। इस इलाके में कई नामचीन लोगों के आवास हंै। उन्होंने कहा कि हाल ही में आयकर विभाग ने मध्य प्रदेश के सी.एम. और कांग्रेस नेता कमलनाथ के करीबी सहयोगियों और अन्य के घरों व कार्यालय पर 4 राज्यों में छापेमारी की थी। इस छापेमारी में करोड़ों रुपए के संदिग्ध राशि की लेन-देन का पता चला है, जिसे तुगलक रोड पर रहने वाले एक महत्वपूर्ण व्यक्ति के घर से दिल्ली में एक प्रमुख राजनीतिक दल के मुख्यालय में कथित तौर पर भेजा जा रहा था।

कांग्रेस नेताओं के घर से बरामद हुए नकदी से भरे बोरे

सी.एम. ने कहा कि पिछले दिनों में कांग्रेस नेताओं के घर से जैसे नकदी से भरे हुए बोरे बरामद हुए हैं, इससे ज्ञात होता है कि दूसरों पर झूठे आरोप लगाने वाली पार्टी का खुद का चरित्र कैसा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस में भ्रष्टाचार की फेहरिस्त इतनी लंबी है कि देश कांग्रेस की इन हरकतों से शर्मिंदा हैं। बोफोर्स घोटाला, कोयला घोटाला, 2जी घोटाला, कॉमनवैल्थ घोटाला, अगस्ता वेस्टलैंड घोटाला और रॉबर्ट वाड्रा द्वारा कांग्रेस के संरक्षण में भूमि घोटाला कांग्रेस के अपने विकास और देश को लूटने व बदनाम करने की गाथा बताता है।

तुष्टिकरण की राजनीति से बाज नहीं आ रही कांग्रेस

मुख्यमंत्री ने कहा है कि कांग्रेस के नेताओं ने हमेशा अपने स्वार्थों के लिए देश को आतंकवाद और अलगाववाद के गर्त में धकेल दिया। जम्मू-कश्मीर में धारा 370 से लेकर नक्सलवाद और माओवाद सब कांग्रेस की देन है तथा आज भी कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति से बाज नहीं आ रही है। धारा 370 को बनाए रखने का वादा करना और नैशनल कॉन्फ्रैंस का जम्मू-कश्मीर के लिए अलग प्रधानमंत्री की मांग पर कांग्रेस का चुप्पी साधना बेहद शर्मनाक है।    

Vijay